“यह पथ नहीं… धर्म की प्रतिज्ञा है, शूकर क्षेत्र धाम सोरों जी पंचकोसीय परिक्रमा — आस्था, श्रद्धा और संकल्प का संगम- शरद कुमार पाण्डेय

शूकरक्षेत्र धाम सोरों जी पंचकोसीय परिक्रमा के लिए ब्राह्मण कल्याण सभा का जनजागृति अभियान तेज़
ब्राह्मण कल्याण सभा® एवं शूकर क्षेत्र समाज सेवा समिति द्वारा भगवान वराह के शूकरक्षेत्र धाम सोरों जी की आगामी पंचकोसीय परिक्रमा के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु चलाए जा रहे जनजागृति अभियान को निरंतर गति मिल रही है। इसी क्रम में आज सभा के प्रदेश संगठन महामंत्री एवं समिति के सह-संयोजक गिर्राज मिश्रा जी ने सभा के संस्थापक अध्यक्ष शरद कुमार पाण्डेय जी के निर्देशन में जनपद कासगंज के सहावर तहसील के ग्राम—जमालपुर, भिलौली, नगला कुबेर, नगला ताली, चांदपुर, परतापुर, गुंद्रगंज, नगला गणपत सहित अनेक ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क कर एकादशी तिथि परिक्रमा कैलेंडर का वितरण किया। अभियान के दौरान ग्रामीणों को परिक्रमा की ऐतिहासिक, आध्यात्मिक तथा सांस्कृतिक महत्ता से अवगत कराया गया।
शरद कुमार पाण्डेय जी का वक्तव्य
सभा के संस्थापक अध्यक्ष शरद कुमार पाण्डेय ने जनजागृति अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा: – “यह परिक्रमा पथ नहीं, श्रद्धा की प्रतिज्ञा है — भगवान वराह के शूकर क्षेत्र धाम की।” “धर्म, भक्ति और संकल्प का संगम — यही है शूकर क्षेत्र धाम सोरों जी की पंचकोसीय परिक्रमा।” उन्होंने आगे कहा कि यह परिक्रमा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम है। “शूकरक्षेत्र धाम सदियों से जनमानस की आस्था का केंद्र रहा है। हमारा उद्देश्य है कि अधिक से अधिक श्रद्धालु इस परिक्रमा से जुड़कर भगवान वराह के चरणों में अपनी आस्था व्यक्त करें।”
गिर्राज मिश्रा ने बताया – अभियान से जुड़े पदाधिकारियों ने समस्त क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे आगामी एकादशी पर आयोजित होने वाली पावन पंचकोसीय परिक्रमा में परिवार सहित सम्मिलित होकर इस परंपरा को और अधिक भव्य तथा सफल बनाएँ।
जनजागृति अभियान में मुख्य रूप से गिर्राज मिश्रा,हुकुम सिंह, डोरीलाल, मोनू, मुकुल, मुनीश, राधेश्याम, अतुल, नीरज एवं राधारमन जी ने भी सघन जनसंपर्क कर श्रद्धालुओं को परिक्रमा में अधिक से अधिक सहभागिता का आह्वान किया।
Author: Soron Live 24

