सोरों: हरि की पैड़ी के घाटों पर ‘हरे-तोतई’ रंग से पुताई पर स्थानीय लोगों में नाराज़गी, भगवा रंग की मांग तेज

सोरों/सूकरक्षेत्र। मेला मार्गशीर्ष की तैयारियों के बीच हरि की पैड़ी के घाटों और मंदिरों पर नगर पालिका द्वारा कराई जा रही रंगाई-पुताई को लेकर स्थानीय लोगों में रोष बढ़ गया है। नगर पालिका के ठेकेदारों द्वारा घाटों और दीवारों पर हरे एवं तोतई रंग से पुताई किए जाने पर लोगों ने इसे परंपरा व धार्मिक भावना के विपरीत बताते हुए तीखा विरोध जताया है।
स्थानीय नागरिकों ने व्हाट्सएप समूहों और अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर पोस्ट कर कहा कि तीर्थ नगरी के पवित्र घाटों को सदैव भगवा रंग में ही पोता जाता रहा है, ऐसे में हरे रंग का उपयोग अनुचित और अस्वीकार्य है। लोगों का कहना है कि हरे रंग से घाटों की धार्मिक पहचान कमजोर होती है, इसलिए तुरंत रंग बदलने की कार्रवाई की जानी चाहिए।
नाराज़ लोगों ने नगर पालिका अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी और सदर एसडीएम से हस्तक्षेप कर पारंपरिक भगवा रंग में पुताई कराने की मांग उठाई है। कई लोगों का आरोप है कि यह ठेका नगर पालिका के कुछ चुनिंदा सभासदों द्वारा लिया गया है, इसी कारण सोशल मीडिया पर विरोध बढ़ने के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि मार्गशीर्ष मेला लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, ऐसे में रंगाई-पुताई पर विशेष ध्यान दिया जाए और धार्मिक परंपराओं का सम्मान करते हुए कार्य कराया जाए।
Author: Soron Live 24

