मोक्षदा एकादशी पंचकोसी परिक्रमा मार्ग का भाजपा नगर टीम ने किया निरीक्षण

सोरों, कासगंज। मार्गशीर्ष महीने की मोक्षदा एकादशी पर 1 दिसंबर को लगने वाली पंचकोसी परिक्रमा की तैयारियों को लेकर भाजपा नगर टीम सोरों ने परिक्रमा मार्ग का व्यापक निरीक्षण किया।
नगर अध्यक्ष आदित्य काकोरिया ने कई स्थानों पर निर्माण कार्यों को अधूरा बताते हुए नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा—
“परिक्रमा मार्ग पर कई जगह सड़क अब तक पक्की नहीं हो सकी है। सिर्फ मिट्टी डालकर काम पूरा मान लिया गया है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए तत्काल सड़क को पक्का कराया जाए।”
भाजपा नेता आशुतोष त्रिवेदी ने परिक्रमा मार्ग पर मूलभूत सुविधाओं की कमी पर चिंता जताई। उन्होंने कहा—
“जहां-जहां आवश्यक है, वहां सांकेतिक चिन्ह और दिशासूचक बोर्ड लगाए जाएं। परिक्रमा मार्ग विस्तृत है, ऐसे में चिन्हों की मौजूदगी से श्रद्धालुओं को काफी सुविधा होगी।”
भाजपा नेता मनीष शर्मा ने सफाई व्यवस्था और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिए जाने की मांग की। उन्होंने कहा—
“परिक्रमा मार्ग के कई हिस्सों में झाड़–झंखाड़ बढ़े हुए हैं और समय पर सफाई नहीं कराई गई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिक्रमा करते हैं, इसलिए मार्ग के दोनों ओर सफाई और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।”
वहीं भाजपा नेता मनोज भारद्वाज ने सिंगल वाले बाबा परिसर की दुर्दशा का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि वहाँ स्थित शौचालय अत्यंत दयनीय हालत में हैं और तत्काल मरम्मत व सफाई की जरूरत है।
निरीक्षण टीम में नगर महामंत्री नानकचंद गुप्ता, सभासद विजय गोस्वामी, अतुल गुप्ता, मयंक भारद्वाज सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

