पंचकोसीय परिक्रमा की तैयारी तेज़ : डीएम–एसपी ने किया विस्तृत निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर दिए कड़े निर्देश
: सोरों मार्गशीर्ष मेला 29 नवंबर : 10 लाख श्रद्धालुओं की संभावना, सुरक्षा–सफाई से लेकर ट्रैफिक प्लान तक प्रशासन अलर्ट

कासगंज। आगामी 29 नवंबर को आयोजित होने वाले सोरों मार्गशीर्ष मेला एवं पंचकोसीय परिक्रमा की तैयारियों का जिलाधिकारी प्रणय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने मंगलवार को स्थलीय निरीक्षण कर जायज़ा लिया। दोनों अधिकारियों ने मेला ग्राउंड से लेकर परिक्रमा मार्ग तक विस्तृत निरीक्षण करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए, सुरक्षा और सुविधा दोनों व्यवस्थाएँ पूर्ण हों। उन्होंने साफ-सफाई, घाटों की सफाई, बैरिकेटिंग, शौचालय व्यवस्था, चेंजिंग रूम, साधु कैंप, खोया–पाया केंद्र, सांकेतिक बोर्ड, सीसीटीवी कैमरे, हाई मास्ट लाइट, चिकित्सा कैंप और गोताखोरों की तैनाती पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि सोरों में 8 सेक्टर और 4 मेला पार्किंग बनाई जा रही हैं। वहीं सुरक्षा के लिए 4 फायर ब्रिगेड वाहन, पुलिस व पीएसी के बड़े दलबल की तैनाती रहेगी। यातायात व्यवस्था के लिए ट्रैफिक पुलिस की अलग से तैनाती होगी।
प्रशासन ने अनुमान लगाया है कि लगभग 10 लाख श्रद्धालु पंचकोसीय परिक्रमा में शामिल होंगे। जिलाधिकारी ने परिक्रमा मार्ग को तत्काल दुरुस्त करने, गड्ढों को भरने और रास्ते को सुगम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बड़े वाहनों के लिए रूट डायवर्जन, एम्बुलेंस सेवा की उपलब्धता तथा सीसीटीवी निगरानी को सुनिश्चित करने को कहा। मेला कोतवाली में सीसीटीवी कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान चेयरमैन नगर पालिका रामेश्वर दयाल महेरे, उपजिलाधिकारी संजीव कुमार, क्षेत्राधिकारी कासगंज आंचल चौहान, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सोरों सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

