भाजपा सरकार में अराजकता चरम पर, दलित-पिछड़ों-अल्पसंख्यकों पर अत्याचार के खिलाफ ‘अपनी जनता पार्टी’ का प्रदर्शन — राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

कासगंज,भाजपा शासन में बढ़ती अराजकता, दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों के विरोध में ‘अपनी जनता पार्टी’ ने सोमवार को जिलाधिकारी कासगंज के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
पार्टी के जिलाध्यक्ष राजेश मौर्य के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। देशभर में दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और अल्पसंख्यक समाज के साथ हिंसा, उत्पीड़न और अत्याचार की घटनाएँ लगातार बढ़ रही हैं। ज्ञापन में कहा गया कि कहीं दलितों के मंदिर में प्रवेश करने पर पिटाई की जा रही है, तो कहीं महिलाओं के साथ दुष्कर्म और उत्पीड़न की घटनाएँ आम होती जा रही हैं।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि भाजपा शासन वाले राज्य — उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान — में अपराधी बेखौफ हैं और शासन-प्रशासन की मिलीभगत से न्याय की उम्मीद लगभग समाप्त हो गई है।
पार्टी नेताओं ने कहा कि अपराधियों और अराजक तत्वों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे अब संविधान और न्यायपालिका पर भी हमला करने से नहीं चूक रहे। उन्होंने हाल ही में भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) पर जूता फेंकने की घटना को शर्मनाक बताते हुए कहा कि घटना के 15 दिन बीत जाने के बाद भी किसी तरह की कानूनी कार्रवाई न होना केंद्र सरकार की नाकामी और मिलीभगत को दर्शाता है।
ज्ञापन में कहा गया कि संविधान और सर्वोच्च न्यायालय की गरिमा की रक्षा करना केंद्र सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी है, लेकिन सरकार की चुप्पी से न्याय व्यवस्था की साख पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
पार्टी ने रखीं ये प्रमुख माँगें —
1. मुख्य न्यायाधीश पर जूता फेंकने की घटना में शामिल सभी दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी हो।
2. SC/ST/OBC और मुस्लिम समाज के युवाओं की हो रही हत्याओं और उत्पीड़न पर प्रभावी कार्रवाई की जाए।
3. महिलाओं और बेटियों के साथ बलात्कार व दुराचार की घटनाओं में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कठोर सजा दी जाए।
4. जाति और धर्म के आधार पर भेदभावपूर्ण कार्यवाहियों पर तत्काल रोक लगाई जाए।
5. संविधान और न्यायपालिका की सुरक्षा की गारंटी सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश बघेल, प्रदेश महासचिव राजवीर सिंह दिवाकर, मीडिया प्रभारी सुभाष मौर्य सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो “अपनी जनता पार्टी” प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी।
Author: Soron Live 24

