कासगंज में यातायात जागरूकता माह 2025 का शुभारंभ — रैली निकालकर दिया ट्रैफिक नियमों का संदेश

कासगंज में यातायात जागरूकता माह 2025 का शुभारंभ — रैली निकालकर दिया ट्रैफिक नियमों का संदेश।

 

कासगंज।जनपद में यातायात जागरूकता माह-2025 का शुभारंभ शुक्रवार को सोरों गेट पुलिस चौकी से हुआ। जिलाधिकारी प्रणय सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने फीता काटकर कार्यक्रम की शुरुआत की तथा हरी झंडी दिखाकर यातायात जागरूकता रैली को रवाना किया।

इस अवसर पर अधिकारियों ने स्कूली छात्रों, एनसीसी, स्काउट-गाइड, होमगार्ड और पीआरडी के जवानों को यातायात नियमों के पालन का संकल्प दिलाया। लोगों को ट्रैफिक सुरक्षा संबंधी जानकारियाँ दी गईं और हेलमेट वितरित किए गए।

रैली सोरों गेट पुलिस चौकी से प्रारंभ होकर बिलराम गेट, बड्डूनगर, बस स्टैंड, मालगोदाम तिराहा, गांधी मूर्ति चौराहा होते हुए बाराद्वारी से वापस सोरों गेट पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान विद्यार्थियों और पुलिस कर्मियों ने “हेलमेट लगाओ, जान बचाओ” जैसे नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया। लाउडस्पीकर से भी सुरक्षा संदेश प्रसारित किए गए।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूरे नवम्बर माह में यातायात नियमों के प्रति जनसाधारण और स्कूली बच्चों को जागरूक किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने सभी से अपील की कि वाहन चलाते समय सही नंबर प्लेट लगाएँ, जरूरी कागज़ात साथ रखें, शराब पीकर वाहन न चलाएँ, ओवरस्पीड से बचें और हेलमेट या सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।

कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात अमित कुमार, क्षेत्राधिकारी सहावर शाहिदा नसरीन, एआरटीओ रामप्रकाश मिश्रा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी आर.के. तिवारी, तहसीलदार बलवंत कुमार उपाध्याय, प्रभारी यातायात उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह सहित अन्य अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहे।

???? मुख्य अपीलें

हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करें

वाहन पर सही नंबर प्लेट लगाएँ

बाइक पर तीन सवारी न बैठाएँ

शराब पीकर वाहन न चलाएँ

ओवरस्पीड से बचें

सभी आवश्यक कागजात साथ रखें

हमेशा अपनी साइड से वाहन चलाएँ

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *