दिव्यांग कल्याण के लिए श्री वराह जन सेवा दिव्यांग समिति ने उठाई आवाज, प्रशासन से की त्वरित कार्रवाई की मांग

सोरों (कासगंज)। — श्री वराह जन सेवा दिव्यांग समिति ने उप-जिलाधिकारी कासगंज को दिव्यांगजन कल्याण से जुड़ी समस्याओं पर कड़ा अनुस्मारक पत्र भेजते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। समिति ने बताया कि पहले भी कई बार पत्र भेजे जा चुके हैं, परंतु अब तक अपेक्षित निस्तारण नहीं हुआ है।
समिति ने अपने पत्र में तीन प्रमुख बिंदुओं पर ध्यान आकर्षित किया है—
1. दिव्यांग सांस्कृतिक कार्यक्रम की वीडियो एवं फोटोग्राफी उपलब्ध कराने की मांग
समिति ने बताया कि मेला मार्गशीर्ष 2024 में दिव्यांग दिवस के अवसर पर 20 दिसम्बर को दिव्यांग सांस्कृतिक एवं सामूहिक सम्मेलन आयोजित किया गया था। उक्त कार्यक्रम की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी जिला प्रशासन द्वारा शासकीय धनराशि से कराई गई थी, जिसे शासन को भेजा जाना था।
समिति का कहना है कि आयोजन का भुगतान संस्था को कर दिए जाने के बावजूद वीडियो और फोटोग्राफी का कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराया गया है। संस्था ने मांग की है कि भविष्य में ऐसे आयोजनों की पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा संबंधित रिकॉर्ड समिति को उपलब्ध कराया जाए।
2. दिव्यांग प्रमाणपत्र और योजनाओं के लाभ में पारदर्शिता की आवश्यकता
समिति ने शासन से अनुरोध किया है कि दिव्यांग जनों को प्रमाणपत्र निर्गमन और योजनाओं का लाभ देने में पूर्ण पारदर्शिता रखी जाए। आय व योग्यता की जांच प्रक्रिया को सरल और मानवीय बनाया जाए ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति को लाभ से वंचित न होना पड़े।
3. दिव्यांग महिला के भूमि प्रकरण में अनियमितता का सुधार
समिति ने एक दिव्यांग महिला, ज्ञानदेवी (निवासी मानपुर नगिरिया, सोरों) से संबंधित भूमि प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा है कि लेखपाल द्वारा गलत अंश दर्ज कर दिया गया है। समिति ने इसकी जांच कराकर तत्काल सुधार की मांग की है और दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।
समिति ने प्रशासन से आग्रह किया है कि इन सभी मुद्दों का त्वरित और पारदर्शी निस्तारण किया जाए, ताकि दिव्यांगजन को शासन की योजनाओं और सुविधाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
Author: Soron Live 24

