गोवर्धन पूजा पर घर-घर सजी भक्ति – मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, अन्नकूट का भोग और भंडारे का आयोजन 

गोवर्धन पूजा पर घर-घर सजी भक्ति – मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, अन्नकूट का भोग और भंडारे का आयोजन

 

कासगंज। दीपावली के दूसरे दिन जनपद भर में श्रद्धा और आस्था का पर्व गोवर्धन पूजा बड़ी धूमधाम से मनाया गया। गांव-गांव और शहर के हर मोहल्ले में लोगों ने परंपरागत ढंग से गोवर्धन महाराज का पूजन किया। घर-घर पर गोबर से आकर्षक गोवर्धन पर्वत की आकृतियां बनाई गईं और भगवान श्रीकृष्ण की पूजा कर अन्नकूट का भोग लगाया गया।

कासगंज शहर के प्रसिद्ध चामुंडा मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर परिसर को फूलों और झालरों से सजाया गया था। पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गोवर्धन पूजा संपन्न कराई गई। श्रद्धालुओं ने दूध, दही, अन्न, मिठाई और पकवानों का भोग भगवान को अर्पित किया। इसके बाद भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।

वहीं तीर्थ नगरी सोरों शूकर क्षेत्र के वराह मंदिर में भी विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान गोवर्धन महाराज की भव्य प्रतिमा बनाई और परिक्रमा कर आशीर्वाद लिया। मंदिर प्रांगण में अन्नकूट का विशाल भोग लगाया गया और देर शाम तक भंडारे का सिलसिला चलता रहा।

शहर के अलावा ग्रामीण अंचलों में भी घर-घर गोवर्धन पूजा का उल्लास देखने को मिला। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सजकर भगवान गोवर्धन की आरती उतारी और परिवार सहित पूजा-अर्चना की। जगह-जगह कीर्तन, भजन और हरिनाम संकीर्तन के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

लोगों का कहना था कि गोवर्धन पूजा का पर्व भगवान श्रीकृष्ण की उस लीलाओं की स्मृति में मनाया जाता है, जब उन्होंने इंद्र का अभिमान तोड़कर गोवर्धन पर्वत को अपनी उंगली पर उठाकर गोकुलवासियों की रक्षा की थी।

पूरे जनपद में भक्तिभाव और उमंग का माहौल रहा। अन्नकूट का प्रसाद घर-घर वितरित हुआ और गोवर्धन महाराज की जयघोष से गलियां गूंज उठीं।

#GovardhanPuja #Kasganj #Soron #Annkoot #Bhakti #ChamundaMandir #VarahMandir

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *