कासगंज: मिशन शक्ति 5.0 के तहत सोरों के कादर वाड़ी गांव में महिलाओं को किया गया जागरूक, छात्राओं ने प्रस्तुत किया संदेश पूर्ण नाटक

कासगंज। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को थाना सोरों क्षेत्र के ग्राम कादरवाड़ी में मिशन शक्ति टीम द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, बालिकाओं और पुरुषों को महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुविधाओं के बारे में विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया।
मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को स्वास्थ्य, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करते हुए महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों के पम्पलेट भी वितरित किए। साथ ही साइबर क्राइम से बचाव के उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रहा विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नाटक, जिसमें छेड़छाड़ करने वाले शोहदों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई का संदेश दिया गया। नाटक में दिखाया गया कि हेल्पलाइन नंबरों पर सूचना देने पर पुलिस तुरंत कार्रवाई करती है और अपराधियों को गिरफ्तार किया जाता है।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान, थाना सोरों प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र, उपनिरीक्षक बी.एल. शर्मा, कांस्टेबल कर्मवीर सिंह, महिला कांस्टेबल जानकी भारती व रश्मि, तथा साइबर थाने से कांस्टेबल स्वप्निल सिवाच मौजूद रहे।
मिशन शक्ति टीम का यह प्रयास ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं और छात्राओं में सुरक्षा व आत्मविश्वास की भावना जगाने में प्रभावी रहा।
#मिशनशक्ति #कासगंज #सोरों #महिलासुरक्षा #CyberAwareness #MissionShakti5.0
Author: Soron Live 24

