सोरों में सभासद प्रतिनिधि और शिक्षक आमने-सामने,शिक्षक पर ठेकेदारी करने का आरोप — शिक्षक बोले “सभी आरोप बेबुनियाद”, जिलाधिकारी से जांच की मांग

कासगंज :(सचिन उपाध्याय)सोरों नगर पालिका क्षेत्र में एक शिक्षक पर ठेकेदारी करने का आरोप लगने से क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। नगर पालिका सभासद आरती चौधरी के पति एवं प्रतिनिधि मुनीश चौधरी ने सहावर विकासखंड के ग्राम रायो में तैनात शिक्षक धर्मेंद्र सिंह वर्मा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे स्कूल समय में ड्यूटी न कर नगर पालिका के ठेकेदारी कार्यों में सक्रिय रहते हैं।
व्हाट्सएप ग्रुपों में फोटो वायरल, गुणवत्ता पर उठे सवाल
सभासद प्रतिनिधि ने सोशल मीडिया पर शिक्षक का फोटो साझा कर आरोप लगाया कि धर्मेंद्र सिंह वर्मा अपनी पत्नी के नाम से ठेकेदारी फर्म चलाते हैं और स्कूल समय में सोरों की साइटों पर जाकर निर्माण कार्यों की देखरेख करते हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सड़क व इंटरलॉकिंग निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। मुनीश चौधरी ने कहा —“सोरों में जो निर्माण कार्य किए जा रहे हैं, वे पूरी तरह मानक के विपरीत हैं। संबंधित अधिकारी तत्काल जांच कर कार्रवाई करें।”
शिक्षक ने कहा — आरोप निराधार और द्वेषपूर्ण
फोन पर संपर्क करने पर शिक्षक धर्मेंद्र सिंह वर्मा ने सफाई देते हुए कहा —“मुझ पर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। ठेकेदारी फर्म मेरी पत्नी के नाम से है और मैं स्कूल समय पर स्कूल में ही उपस्थित रहता हूं। मेरे खिलाफ बिना प्रमाण के अफवाह फैलाई जा रही है।”
जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच की मांग सभासद प्रतिनिधि मुनीश चौधरी ने इस प्रकरण की जिलाधिकारी कासगंज से जांच कराते हुए उचित कार्यवाही की मांग की है। वहीं शिक्षा विभाग के सूत्रों के अनुसार, मामले की प्रारंभिक जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंचा दी गई है और जल्द ही जांच टीम गठित की जा सकती है।
स्थानीय स्तर पर इस पूरे विवाद की चर्चा जोर पकड़ चुकी है। नगर के बुद्धिजीवियों का कहना है कि यदि आरोप सही साबित होते हैं तो यह शिक्षकीय आचार संहिता का गंभीर उल्लंघन होगा, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक।।
Author: Soron Live 24

