15 वर्षों से नहीं बनी सड़क, कीचड़ और पानी से परेशान ग्रामीण — शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई


कासगंज।सोरों विकास खंड के ग्राम श्यामसर में ग्रामीण पिछले 15 वर्षों से सड़क निर्माण की राह देख रहे हैं। गांव के अंदर लगभग 80 मीटर लंबे मार्ग का निर्माण न होने से लोगों को आए दिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह पानी भर जाने से आवागमन दूभर हो गया है। बरसात के बाद भी सड़क पर पानी और कीचड़ भरा हुआ है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को निकलना मुश्किल हो रहा है।
गांव के निवासी वीरेंद्र सिंह ने बताया, “हमने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। ग्राम प्रधान और सेक्रेटरी ध्यान नहीं दे रहे हैं।”
वहीं ग्रामीण चरण सिंह का कहना है, “गांव में फुलवारी के मकान से सीसी रोड तक कच्चा मार्ग है, जहां हर समय पानी भरा रहता है। कई बार मांग करने के बावजूद सड़क नहीं बन रही, जिससे लोगों को भारी दिक्कत होती है।”
ग्रामीणों वीरेंद्र, चंद्रवती, राम सिंह, फुलवारी, चरण सिंह आदि ने प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र ही सड़क का सीसी या खड़ंजा निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
Author: Soron Live 24

