ऑनघाट पुलिया चौड़ीकरण पर पीडब्ल्यूडी के जवाब से असंतोष, पुनः निरीक्षण की मांग उठी

कासगंज/एटा।एटा–गंजडुंडवारा मार्ग पर स्थित ऑनघाट पुलिया के चौड़ीकरण को लेकर स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। जनसेवक अब्दुल हफीज़ गांधी ने पुलिया की खतरनाक स्थिति और लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए लोक निर्माण विभाग, एटा से दोबारा स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग की है।
अब्दुल हफीज़ गांधी ने बताया कि उन्होंने 29 अगस्त 2025 को अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी एटा को पुलिया चौड़ीकरण संबंधी पत्र भेजा था। इसके जवाब में विभाग ने 8 अक्टूबर 2025 को सूचित किया कि पुलिया की चौड़ाई 8.50 मीटर और मार्ग की चौड़ाई 7.00 मीटर है, जो तकनीकी रूप से पर्याप्त मानी जा रही है। विभाग ने केवल सुरक्षात्मक कार्य कराने की बात कही है।
गांधी ने इस जवाब पर असंतोष जताते हुए कहा कि पुलिया टेढ़ी और संकरी होने के कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। हाल ही में 23 अगस्त को एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत भी इसी पुलिया पर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि केवल सुरक्षात्मक कार्य से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है।
उन्होंने मांग की है कि पुलिया का पुनः निरीक्षण कराया जाए, चौड़ीकरण व सीधीकरण का प्रस्ताव तैयार किया जाए और इस प्रक्रिया में स्थानीय जनता के सुझाव भी शामिल किए जाएं।
गांधी ने कहा कि यह मुद्दा केवल संरचना सुधार का नहीं, बल्कि सैकड़ों लोगों की सुरक्षा और जीवन से जुड़ा सवाल है।
Author: Soron Live 24

