मिशन शक्ति 5.0 के तहत एडीजी आगरा ने कासगंज में किसलय/पालना गृह और चिल्ड्रन पार्क का किया उद्धाटन

कोतवाली कासगंज में आमजन संग गोष्ठी, महिलाओं-बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर दिया संदेश
कासगंज।मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 के तहत अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने कासगंज पुलिस लाइन स्थित किसलय/पालना गृह एवं फैमिली ग्राउंड स्थित चिल्ड्रन पार्क का फीता काटकर उद्धाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस परिवारों से संवाद कर बच्चों संग समय बिताया तथा पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण भी किया।
किसलय/पालना गृह का निरीक्षण करते हुए उन्होंने व्यवस्था की सराहना की और कहा कि इससे महिला पुलिसकर्मियों को विशेष सहूलियत मिलेगी, क्योंकि ड्यूटी के दौरान छोटे बच्चों की देखभाल में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
इसके बाद एडीजी ने थाना कोतवाली कासगंज पहुंचकर सोरों गेट स्थित पिंक बूथ और नवस्थापित मिशन शक्ति केन्द्र का निरीक्षण किया। यहां आमजन के साथ गोष्ठी आयोजित कर मिशन शक्ति अभियान के प्रमुख उद्देश्यों की जानकारी दी गई। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वस्थ रिश्तों, साइबर अपराध, सोशल मीडिया के सतर्क उपयोग, झूठे मुकदमों के परिणाम और अपराध की आशंका होने पर तत्काल थाने में शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।
साथ ही सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के कल्याण व सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी गई।
एडीजी ने थाना क्षेत्र में पैदल गश्त कर स्थानीय नागरिकों से संवाद किया और किसी भी समस्या के समाधान हेतु पुलिस को तुरंत अवगत कराने की अपील की।
इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक अलीगढ़ परिक्षेत्र प्रभाकर चौधरी, पुलिस अधीक्षक कासगंज अंकिता शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन/सहावर शाहिदा नसरीन, क्षेत्राधिकारी नगर आँचल चौहान, क्षेत्राधिकारी यातायात/क्राइम अमित कुमार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
—
Author: Soron Live 24

