मिशन शक्ति अभियान से महिला व बालिकाएं हो रहीं जागरूक और सशक्त

कासगंज। मिशन शक्ति 5.0 के तहत जनपद में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वालंबन के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत महिला बीट पुलिस अधिकारियों ने गांव, कस्बों, स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर जागरूकता कार्यक्रम चलाए।
थाना सहावर क्षेत्र में क्षेत्राधिकारी शाहिदा नसरीन ने नगर पंचायत मोहनपुर और प्राथमिक विद्यालय मोहनपुर में महिलाओं व छात्राओं को सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से जुड़े विषयों पर जानकारी दी।
आज जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला बीट पुलिस अधिकारियों ने देवी मंदिरों, कॉलेजों, बाजारों और चौराहों पर पहुंचकर महिला सुरक्षा, साइबर क्राइम, झूठे मुकदमों के दुष्परिणाम, सोशल मीडिया के सुरक्षित प्रयोग और प्रेम संबंधों में पलायन जैसी समस्याओं पर चर्चा की। साथ ही महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों, कानूनी प्रावधानों और उनके अधिकारों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
जागरूकता कार्यक्रमों में महिलाओं और बालिकाओं को भरोसा दिलाया गया कि किसी भी तरह की समस्या या अपराध की जानकारी बिना संकोच स्थानीय थाना या महिला हेल्पलाइन पर साझा करें। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना है।
#kasganj #kasganjpolice #spkasganj
Author: Soron Live 24

