रामलीला समिति ने देवी पूजन कर की झंडी स्थापना
22 सितम्बर से होगा रामलीला का मंचन, 26 को राम बारात निकलेगी।

सोरोंजी। तीर्थ नगरी में श्री गोस्वामी तुलसीदास रामलीला समिति के तत्वाधान में झंडी पूजन शोभायात्रा निकालकर माता ग्राम देवी के मंदिर पर रामलीला की झंडी स्थापना की गयी।झंडी पूजन के लिए शोभायात्रा चक्रतीर्थ स्थित पन्नालाल धर्मशाला से प्रारम्भ हुई। हाथों में धर्मध्वजा लिए, मस्तक पर त्रिपुंड लगाए व गले में राम नाम का पटुका डाले हुए शोभायात्रा में शामिल धर्मप्रेमी जय श्री राम के जयकारे लगा रहे थे। शीतला माता मंदिर में पूजन के बाद शोभायात्रा लहरा रोड स्थित बटुकनाथ व ग्राम देवी मंदिर पहुंची जहां देवी मां की वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधि विधान से पंडित शशिधर शास्त्री के द्वारा पूजा अर्चना कराई गई । जहां समिति सदस्यों ने रामलीला की झंडी स्थापना कर माता से रामलीला के निर्विघ्न आयोजन का आशीष मांगा। शोभायात्रा हरि की पौड़ी किनारे हरसिद्धि,कालिका माता, दुर्गा माता आदि मन्दिरों में पूजन के बाद सामुदायिक केंद्र के पास रामलीला स्थल पहुंची जहां ध्वज की स्थापना की गई। शोभायात्रा के दौरान बैंड बाजो की धुन पर बज रहे भजन वातावरण को भक्ति रस से सराबोर कर रहे थे। पुलिस निरीक्षक जगदीश सिंह शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा में मुस्तैद रहे। इस दौरान रामलीला समिति अध्यक्ष सौरभ पचौरी, शिव शंकर, मनीष पंडा, पं.राघव चाकर, श्याम काका, प्रवीन गुप्ता, श्याम सुंदर तिवारी, कमलनयन वशिष्ठ, अंशुल दुबे, सौरभ दीक्षित, वैभव पचौरी, तरुण गोस्वामी,ललित मोहन तिवारी आदि बड़ी संख्या में रामलीला समिति के लोग मौजूद रहे। तीर्थनगरी में 22 सितंबर को गणेश पूजन के साथ प्रभु राम की लीला प्रारंभ होगी। 26 सितंबर को r बारात निकलेगी व 2 अक्टूबर को रावण दहन के पश्चात विजय दशमी शोभा यात्रा नगर भ्रमण करेगी।
फ़ोटो-सोरोंजी में झंडी पूजन शोभायात्रा में शामिल रामलीला कमेटी के पदाधिकारी
Author: Soron Live 24

