कासगंज में मिशन शक्ति 5.0 का शुभारम्भ, थाना सहावर सहित सभी थानों पर शुरू हुए मिशन शक्ति केंद्र

कासगंज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ लोक भवन सभागार से नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए मिशन शक्ति 5.0 का शुभारम्भ किया गया, जिसका लाइव प्रसारण पुलिस कार्यालय और जनपद कासगंज के सभी थानों पर पुलिस कर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक देखा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वावलंबन और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। इस अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, साइबर सुरक्षा और लैंगिक अपराधों से बचाव के बारे में जागरूक किया जाएगा। महिला पुलिसकर्मी ग्रामों, कस्बों, मोहल्लों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर भ्रमण व चौपाल लगाकर जागरूकता फैलाएँगी तथा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देंगी।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कासगंज अंकिता शर्मा के निर्देशन में जनपद के सभी थानों पर मिशन शक्ति केंद्रों का शुभारम्भ किया गया। उन्होंने थाना सहावर पर उपस्थित रहकर फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया और बताया कि यह केंद्र एकल सम्पर्क बिंदु के रूप में कार्य करेगा, जहाँ महिलाओं की समस्याओं को सुनने के साथ मेडिकल सहायता और आवश्यक वैधानिक कार्यवाहियाँ सुनिश्चित कराई जाएँगी।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक कासगंज राजेश भारती, क्षेत्राधिकारी पटियाली संतोष कुमार, महिला थानाध्यक्ष कासगंज शांति देवी, प्रभारी निरीक्षक सहावर चमन कुमार गोस्वामी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।
Author: Soron Live 24

