बाढ़ पीड़ितों की आवाज बनीं सपा प्रवक्ता जाहिदा सुल्तान, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

कासगंज। सपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता जाहिदा सुल्तान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी से मुलाकात की। इस दौरान बाढ़ पीड़ितों को जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुँचाने के लिए विशेष वाहन की व्यवस्था की गई थी। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए राहत कार्यों में तेजी और प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
ज्ञापन में बाढ़ग्रस्त परिवारों के लिए राशन, दवाइयाँ और अस्थायी आवास की व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया। साथ ही बाढ़ पीड़ितों को कलेक्ट्रेट पहुँचाने हेतु विशेष वाहन की व्यवस्था भी जाहिदा सुल्तान द्वारा की गई थी।
बताया गया कि तहसील पटियाली के मुझरखेड़ा से राजेपुर कुर्रा मार्ग तक के कई गाँव पूरी तरह जलमग्न हैं। हर वर्ष वर्षा ऋतु में यह समस्या दोहराई जाती है, लेकिन इस बार स्थिति बेहद गंभीर हो गई है। ग्रामीणों के अनुसार, जलजनित रोगों और जलीय जीवों के कारण हर साल कई लोगों की मौत होती है। हाल ही में इलाज न मिलने से दो बच्चों की मृत्यु भी हो चुकी है। फसलें, राशन और जानवरों का भूसा पूरी तरह नष्ट हो गया है। ग्रामीण भुखमरी और स्वास्थ्य संकट से जूझ रहे हैं।
ग्रामीणों ने शासन से मांग की है कि मुझरखेड़ा (हँसी नगला) से राजेपुर तक 4.5 किमी लंबा पक्का बाँध बनाया जाए। इसके अलावा बर्बाद फसलों का मुआवज़ा, नगला जयकिशन और पदन नगला की टूटी पुलियों का पुनर्निर्माण कराने की भी मांग की गई है।
ज्ञापन में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, मेडिकल टीम गठित करने, आपातकालीन रात्रिकालीन सेवा उपलब्ध कराने और प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत नष्ट मकानों के पुनर्निर्माण की भी मांग उठाई गई। साथ ही राहत सामग्री पहुँचाने हेतु नावों की संख्या बढ़ाने का भी अनुरोध किया गया।इस दौरान सैकड़ों की तादाद में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपनी समस्याएँ रखीं।
Author: Soron Live 24

