कासगंज में मोहम्मद साहब का 1500वां जन्मदिन, नूरी मस्जिद से निकाला गया जुलूस

कासगंज। मोहल्ला नवाब इस्लाम नगर नई बस्ती स्थित नूरी मस्जिद में मोहम्मद साहब का 1500वां जन्मदिन बड़े ही अकीदत और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस मौके पर मुतवल्ली हकीम मुन्ने बाबू शाह नूरी की मौजूदगी में पारंपरिक जुलूस निकाला गया।
हकीम मुन्ने बाबू ने बताया कि यह जुलूस सदियों पुरानी क़दीम रिवायत का हिस्सा है। पहले इसे उनके पूर्वज हकीम महमूद अली शाह पहलवान, महबूब अली शाह मदारी और लोटन शाह मलंग मदारी निकाला करते थे।
जुलूस नूरी मस्जिद से प्रारंभ होकर मोहल्ला नवाब की विभिन्न गलियों से होता हुआ वापस नूरी मस्जिद पर संपन्न हुआ। कार्यक्रम की सदारत पेश इमाम मौलाना चांद मियां ने की। इस दौरान मदरसा जामिया बरकाते आयशा के बच्चे भी शामिल हुए।
मौलाना चांद मियां ने कहा कि इस्लाम अमन और भाईचारे का पैगाम देता है। मोहम्मद साहब ने इंसानियत को बराबरी, आपसी सम्मान और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने अपील की कि इस संदेश को घर-घर तक पहुंचाने की जरूरत है। साथ ही हिंदुस्तान की अमन-चैन और शांति के लिए दुआ की गई।
Author: Soron Live 24

