कासगंज की बेटियों को एनसीसी की सौगात, द्रौपदी देवी जाजू सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज को मिली मान्यता, 51 छात्राएँ चयनित

कासगंज। जिले की बेटियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। नगर के नदरई गेट स्थित श्रीमती द्रौपदी देवी जाजू सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज को एनसीसी (सीनियर विंग) की मान्यता प्राप्त हो गई है। यह कासगंज का पहला बालिका इंटर कॉलेज है, जहाँ छात्राओं को एनसीसी का प्रशिक्षण मिलेगा।
विद्यालय को यह मान्यता 9 यूपी गर्ल्स एनसीसी बटालियन, हाथरस से प्राप्त हुई है। इसके साथ ही कॉलेज की 51 छात्राओं का चयन लिखित और शारीरिक परीक्षण (ऊँचाई, वजन, लंबाई आदि मानक) के आधार पर किया गया। चयन प्रक्रिया की देखरेख सूबेदार डी.एन. पाण्डेय, हवलदार सतीश तथा टीओ ओ.पी. त्यागी (पूर्व सैनिक/एनसीसी अधिकारी) ने की।
विद्यालय प्रशासन का कहना है कि एनसीसी की यह शुरुआत छात्राओं के लिए अनुशासन, आत्मरक्षा और देश सेवा की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। साथ ही आगे चलकर उन्हें रोज़गार और सेना में जाने के अवसर भी बढ़ेंगे।
इस अवसर पर बाल कल्याण समिति अध्यक्ष कौशल किशोर साहू, विद्यालय मंत्री विनय राज माहेश्वरी, प्रबंधक संतोष कुमार माहेश्वरी, प्रधानाचार्या डॉ. सोमवती शर्मा सहित विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर हर्ष जताया और छात्राओं को शुभकामनाएँ दीं।कासगंज की छात्राओं के लिए यह ऐतिहासिक अवसर है, जब अब वे भी एनसीसी की वर्दी पहनकर देश सेवा की राह पर आगे बढ़ सकेंगी।
क
Author: Soron Live 24

