कासगंज: 25 हजार का इनामी अभियुक्त पंकज यादव पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, अवैध तमंचा बरामद

कासगंज। थाना पटियाली एवं थाना सिकंदरपुर वैश्य पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जानलेवा हमले के मुकदमे में वांछित 25,000 रुपये के इनामी अभियुक्त पंकज यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा व दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
घटनाक्रम
18 जुलाई 2025 को जसवीर सिंह पुत्र मुन्शीलाल निवासी ग्राम दरियावगंज थाना पटियाली ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 जुलाई को उसकी दुकान पर बैठे समय पंकज यादव पुत्र राजपाल, गोविन्द पुत्र जसवीर सिंह यादव निवासी ग्राम बाउरी, रंजीत पुत्र राजपाल व एक अज्ञात व्यक्ति आए और गाली-गलौच करते हुए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। इसी दौरान पंकज यादव ने तमंचे से जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। इस पर थाना पटियाली में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
गिरफ्तारी का विवरण
पुलिस अधीक्षक कासगंज सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी पटियाली/अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के नेतृत्व में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान चलाया गया। इसी क्रम में 28/29 अगस्त की रात थाना पटियाली व थाना सिकंदरपुर वैश्य पुलिस की संयुक्त टीम ने मेंहदी महादेव मंदिर, कस्बा पटियाली के पास मुठभेड़ के बाद पंकज यादव को दबोच लिया।
मुठभेड़ के दौरान पंकज यादव के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। वहीं अभियुक्त गोविन्द अंधेरे का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल से फरार हो गया।
गिरफ्तारी के बाद पंकज यादव के खिलाफ थाना स्तर पर मुअसं- 348/25 धारा 109(1) बीएनएस (पुलिस मुठभेड़) व 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Author: Soron Live 24

