शिक्षकों के द्वितीय बैच का पांच दिवसीय एफ.एल.एन. प्रशिक्षण प्रारंभ

पटियाली (कासगंज)राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत आधारभूत साक्षरता और संख्यात्मकता का प्रशिक्षण जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह के निर्देशन में जनपद के प्रत्येक ब्लॉक संसाधन केंद्र पर आयोजित किया जा रहा है। यह एक राष्ट्रीय मिशन है जिसके अंतर्गत बच्चों में समझ के साथ पढ़ने लिखने की क्षमता, मौखिक विकास, सरल संख्यात्मक अवधारणाओं और बुनियादी गणित की समझ विकसित करना है। इसी क्रम में ब्लॉक संसाधन केंद्र पटियाली पर शिक्षकों के द्वितीय बैच का प्रशिक्षण मंगलवार को प्रारंभ हो गया। खंड शिक्षा अधिकारी राजकुमार ने बताया कि यह पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिक्षकों के 50-50 की संख्या में बैच बनाकर अलग अलग कक्षों में संचालित किया जा रहा है। सौ शिक्षकों के प्रथम बैच का प्रशिक्षण सोमवार को संपन्न हुआ था। मंगलवार को प्रातः सरस्वती वंदना के उपरांत प्रशिक्षण की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। एसआरजी जितेंद्र कविराज द्वारा भी प्रशिक्षण संबंधी जानकारी साझा की गई। प्रथम कक्ष के सन्दर्भदाता सत्येंद्र सिंह और कौशलेंद्र सिंह राघव ने प्रशिक्षण के प्रथम दिवस पर कक्षा तीन के लिए नव विकसित पाठ्यपुस्तक वीणा 1 पर शिक्षकों को विस्तृत जानकारी प्रदान की और सत्र अनुसार पीपीटी के माध्यम से प्रशिक्षण को आगे बढ़ाया। वहीं द्वितीय कक्ष में जय प्रमोद एवं उदयवीर सिंह ने सन्दर्भदाता के रूप अपनी सहभागिता निभाई। इस दौरान प्रशिक्षण प्रभारी अरविंद यादव, अभिनव शर्मा, अभिषेक सिंह, वीरेंद्र सिंह, आशीष प्रताप, अरुण कुमार, आशीष पटेरिया, अर्चना अग्निहोत्री, भारती, शशि, कमोद सहित बड़ी संख्या में शिक्षक शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

