नगर पालिका कार्यालय में दिव्यांग व बुजुर्गों हेतु रैम्प बनाने की मांग

सोरों (कासगंज)।श्री वराह जन सेवा दिव्यांग समिति ने नगर पालिका सोरों में दिव्यांगों व बुजुर्गों की सुविधा के लिए रैम्प (ढालान) निर्माण की मांग की है। इस संबंध में समिति ने नगर पालिका अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
समिति अध्यक्ष कुलदीप निर्भय ने बताया कि ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि नगर पालिका सोरों के मुख्य कार्यालय, लेखा कार्यालय, कर कार्यालय, अधिशासी अधिकारी कार्यालय एवं अन्य विभागों में दिव्यांग और वृद्धजन आसानी से नहीं पहुँच पाते। सीढ़ियों के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। समिति ने मांग की है कि भारत सरकार के “सुगम भारत अभियान” के तहत इन कार्यालयों में शीघ्र ही रैम्प का निर्माण कराया जाए, ताकि दिव्यांग और वृद्धजनों को कार्यालयों तक पहुंचने में सुविधा हो।
इस दौरान समिति के अध्यक्ष ने कहा कि यह जनहित में आवश्यक कदम है और नगर पालिका प्रशासन को इस पर तुरंत ध्यान देना चाहिए।
–
Author: Soron Live 24

