कृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा पहुंचे CM योगी, बोले– अयोध्या की तरह मथुरा की पौराणिक पहचान भी लौटाएंगे

मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मथुरा पहुंचे और श्रद्धालुओं को बड़ा संदेश दिया। सीएम योगी ने यहां 645 करोड़ की 118 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसी के साथ योगी आदित्यनाथ यूपी के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं, जिन्होंने पिछले आठ सालों में 38 बार मथुरा और वृंदावन का दौरा किया है।
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि हमारी सरकार गुलामी के प्रतीकों को समाप्त करने के लिए संकल्पित है। अयोध्या में 500 साल की गुलामी का प्रतीक हटाया गया, अब मथुरा में भी यही काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ब्रजभूमि पांच हजार वर्ष पूर्व से भगवान श्रीकृष्ण के पूर्ण अवतार और उनकी लीलाओं की धरा रही है।
सीएम ने कहा कि जैसे अयोध्या रामजन्मभूमि के नाम से जानी जाती है, वैसे ही मथुरा श्रीकृष्ण के अवतरण स्थल के रूप में विख्यात है। हमारी सरकार मथुरा, वृंदावन की पौराणिकता को लौटाने और इसे तीर्थ पर्यटन के रूप में विकसित करने के लिए कार्यरत है।
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि सरकार का लक्ष्य मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोकुल, बलदेव, गोवर्धन और राधाकुंड को तीर्थ के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि काशी और अयोध्या की तरह अब मथुरा भी विश्वभर के श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करेगा।इससे पहले मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और जनता के कल्याण की कामना की।
Author: Soron Live 24

