कासगंज पुलिस कर्मियों पर रिश्वतखोरी और धमकी का गंभीर आरोप, चार पुलिसकर्मी सस्पेंड

कासगंज: जिले की कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करते हुए थाना सहावर निवासी अजय कुमार वर्मा ने पुलिस अधीक्षक कासगंज को एक गंभीर लिखित शिकायत दी है। पीड़ित के अनुसार, SOG कासगंज के सिपाही पवन एक शातिर अपराधी जय प्रकाश उर्फ जेपी के साथ उसके घर पहुंचे और उस पर चोरी का सामान रखने का आरोप लगाया। पीड़ित से कहा गया कि अगर उसने चोरी के जेवर और ₹50,000 नहीं दिए, तो उसे जेल भेज दिया जाएगा।
इसके बाद अजय कुमार को थाना पटियाली ले जाया गया, जहां थाने के सिपाही सोवरन सिंह और सिपाही पवन ने उसे धमकाया और कहा कि अगर वह ₹3 लाख नहीं देगा, तो जेल भेज दिया जाएगा। पीड़ित ने डर के मारे अपने बच्चों को फोन किया और रात 3 बजे उधार लेकर ₹3,00,000 सिपाही सोवरन सिंह को दिए, तब जाकर उसे छोड़ा गया।
पीड़ित की तहरीर पर गोपनीय जांच कराई गई, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए। इसके आधार पर थाना पटियाली में मुकदमा अपराध संख्या 322/2025, धारा 140(2)/308(6) BNS व 7/13 पीसी एक्ट के अंतर्गत आरक्षी सोवरन सिंह, आरक्षी पवन, भूदेव राजपूत व अन्य अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
गंभीर आरोपों और संदिग्ध भूमिका के चलते थाना प्रभारी पटियाली निरीक्षक रामवकील सिंह, SOG प्रभारी उप निरीक्षक विनय शर्मा, आरक्षी पवन और सोवरन सिंह — सभी को निलंबित कर दिया गया है। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी पटियाली द्वारा की जा रही है। अन्य विधिक कार्रवाई भी प्रचलित है।
#KaasganjPolice #CorruptionCase #UttarPradeshPolice #SOG #PoliceSuspended #CrimeNews #UPNews
Author: Soron Live 24

