सोरों में अवैध पार्किंग वसूली पर गरमाया मामला, पालिका अध्यक्ष ने दिए कार्रवाई के निर्देश

कासगंज ब्यूरो तीर्थ नगरी सोरों शूकर क्षेत्र में अवैध पार्किंग वसूली को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। हर दिन हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान व अस्थि विसर्जन के लिए सोरों हरि की पैड़ी पहुंचते हैं और अपने वाहनों को मेला मैदान जैसे स्थानों पर पार्क करते हैं।
नगर पालिका द्वारा पूर्व में पार्किंग व्यवस्था समाप्त कर दी गई थी, बावजूद इसके पिछले 20 दिनों से कुछ पालिका कर्मचारी श्रद्धालुओं से अवैध रूप से ₹50 से ₹200 तक की वसूली कर रहे थे। इस दौरान उन्हें मनमाने ढंग से रसीदें काटते देखा गया।
इस मामले को लेकर तीर्थ पुरोहितों और स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पर कड़ा विरोध जताया और अवैध वसूली बंद कराने की मांग की।
गुरुवार को नगर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे ने स्वयं अपने फेसबुक अकाउंट से पोस्ट साझा करते हुए स्पष्ट किया कि जो भी कर्मचारी पार्किंग शुल्क के नाम पर रसीद काट रहा है, उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उसे तत्काल प्रभाव से पद से हटाया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी आदेश जारी किया कि नगर में पार्किंग शुल्क की वसूली पूरी तरह बंद की जाए।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह पूरा मामला पालिका के भीतर मिलीभगत के बिना संभव नहीं है। सवाल उठ रहा है कि बिना किसी उच्चाधिकारी की अनुमति के आखिर कैसे अवैध रसीदें जारी की जा रही थीं? अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पूरे मामले में कौन-कौन से अधिकारी व कर्मचारी संलिप्त पाए जाते हैं और प्रशासन उन पर क्या कार्रवाई करता है।
Author: Soron Live 24

