तेज रफ्तार रोडवेज बस ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, एक ही परिवार के पांच लोग घायल

बरकुला मोड़ पर हुआ हादसा, सभी घायलों को जिला अस्पताल किया गया रेफर
कासगंज ब्यूरो | सोरों
गुरुवार सुबह करीब 4 बजे सोरों-कासगंज मार्ग पर स्थित बरकुला मोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात रोडवेज बस ने एक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे रिक्शा में सवार एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल घायलों को एंबुलेंस की मदद से सोरों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायलों की पहचान इस प्रकार की गई है:
- हरिराम पुत्र समोताराम (उम्र 55 वर्ष)
- मोती देवी पत्नी समोताराम
- मंगनी पत्नी कानाराम (उम्र 75 वर्ष)
- हंसराज पुत्र समोताराम (उम्र 32 वर्ष)
- मनोज पुत्र हंसराज (उम्र 25 वर्ष)
सभी घायलों का स्थाई निवास नागल शेहपुरा, थाना हिंडौन सिटी, जिला करौली (राजस्थान) है, जबकि वर्तमान में वे बी-1180, ट्रांस कैंप, राजीव गांधी कॉलोनी, गोविंदपुरी, दिल्ली में रह रहे हैं।
परिवार के सभी सदस्य तीर्थ यात्रा पर थे और सोरों हरि की पैड़ी स्थित घोड़े वाले पंडित जी के पास आ रहे थे। उन्होंने कासगंज रेलवे स्टेशन से ई-रिक्शा किया था, जिसे यशवीर पुत्र कल राम (उम्र 20 वर्ष), निवासी कयामपुर बाहेड़िया थाना कासगंज चला रहा था।
हादसा गुप्ता होटल के सामने स्थित बरकुला मोड़ पर हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात रोडवेज बस व चालक की तलाश शुरू कर दी है।
Author: Soron Live 24

