कासगंज: सोरों के बरौली बड़ा गांव में 20 साल से जर्जर सड़क, कीचड़ से परेशान लोग, निर्माण की उठी मांग

कासगंज/सोरों:जनपद कासगंज के ब्लॉक सोरों क्षेत्र अंतर्गत वरौली उर्फ बड़ागांव (पोस्ट हरसैना) में मुख्य मार्ग की हालत बदहाल है। बीते 20 वर्षों से इस सड़क का निर्माण नहीं हुआ है, जिसके कारण बारिश या मामूली जलभराव के बाद रास्ता कीचड़ से भर जाता है और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस रास्ते से प्राइमरी पाठशाला समेत कई गांवों के लोग गुजरते हैं। स्कूली बच्चों को रोजाना कीचड़ के बीच से होकर स्कूल जाना पड़ता है, वहीं राहगीरों और विशेष रूप से वृद्धजनों के लिए यह मार्ग दुर्घटना का कारण बनता जा रहा है। कई बार वृद्ध लोग कीचड़ में फिसलकर गिर भी चुके हैं।
गांव के लोगों का कहना है कि उन्होंने ग्राम प्रधान और सचिव से कई बार शिकायत की, यहां तक कि तहसील दिवस पर भी इस समस्या को उठाया गया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।
इस समस्या को लेकर तिरामल सिंह, रामोतार, रमेश, पप्पू, खुमानी राम, अमर सिंह, राकेश, रमेश चंद्र सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण नहीं कराया गया, तो वे जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे।
#KasganjNews #SoronBlock #BaroliVillage #RoadIssue #UPRuralDevelopment #PublicDemand
Author: Soron Live 24

