कासगंज के प्रक्ष सिंह जादौन ने सॉफ्टवेयर संचालन कर रचा इतिहास, क्वीन गार्गी ने राष्ट्रीय आर्म रैसलिंग में कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया मान

कासगंज। के ए कॉलेज कासगंज की प्रतिभाशाली छात्रा क्वीन गार्गी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए *राष्ट्रीय आर्म रैसलिंग प्रतियोगिता 2025* में जूनियर वर्ग (लड़कियां) के 70 किलोग्राम बाया हाथ वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया।
वहीं कासगंज के युवा तकनीकी प्रतिभा प्रक्ष सिंह जादौन ने इस प्रतियोगिता में पहली बार उपयोग किए गए *वर्ल्ड आर्म रेसलिंग फेडरेशन सॉफ्टवेयर* का सफल संचालन कर राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया। उनका यह योगदान प्रतियोगिता के सुचारु और पारदर्शी आयोजन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। यह पहली बार था जब पीपल्स आर्म रेसलिंग फेडरेशन इंडिया ने इस तकनीक का प्रयोग किया, जो भविष्य में भी मील का पत्थर साबित होगा।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 28 जून से 2 जुलाई 2025 तक केरल के वी.के. मेनन इनडोर स्टेडियममें आयोजित हुई। आयोजन का दायित्व *केरला आर्म रैसलिंग संघ ने *पीपल्स आर्म रैसलिंग फेडरेशन इंडिया* के तत्वावधान में निभाया। इस भव्य आयोजन में देशभर के 25 राज्यों से लगभग 1800 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
क्वीन गार्गी ने उत्तर प्रदेश आर्म रैसलिंग टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए उल्लेखनीय प्रदर्शन किया और टीम प्रतियोगिता में भी उत्तर प्रदेश ने दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। जूनियर वर्ग में उत्तर प्रदेश ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रथम स्थान मेजबान केरल और तृतीय स्थान दिल्ली के नाम रहा।
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल में कासगंज की एशियाई रेफरी सरिता सिंह जादौन एवं गेंदा देवी महाविद्यालय के सुभाष ने निर्णायकों की भूमिका निभाई। तकनीकी संचालन टीम में प्रक्ष सिंह जादौन के साथ जगदीश यादव(रजिस्ट्रेशन कमेटी प्रभारी), विजेंद्र सिंह (सह प्रभारी), सुनीता सिंह, मोहितांश, पार्थ गांधी, दिव्यांशु सागर शुभम, कुलदीप सिंह जैसे युवा भी शामिल रहे। राष्ट्रीय रेफरी की भूमिका सुभाष ने निभाई।
इसके अतिरिक्त के ए कॉलेज की अन्य छात्राओं ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया। *विनीता गौतम* ने युथ वर्ग के 50 किलोग्राम में चौथा स्थान, *सोनी* ने इसी वर्ग में छठा स्थान, वहीं सीनियर वर्ग के 50 किलोग्राम में *छाया* ने आठवां स्थान और *करिश्मा* ने 11वां स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया।
इस उपलब्धि पर कॉलेज परिवार एवं कासगंज जिले में हर्ष का माहौल है। क्वीन गार्गी और प्रक्ष सिंह जादौन जैसे युवाओं ने यह सिद्ध कर दिया कि छोटे शहरों के युवा भी कड़ी मेहनत और लगन से बड़े सपने साकार कर सकते हैं।
Author: Soron Live 24

