लापता हुआ किशोर बारह दिन बाद सकुशल घर वापस लौटा
पुलिस ने जयपुर शहर के एक हॉस्टल से किया बरामद

मोहनपुरा (कासगंज)
गर्मी की छुट्टियों में गत 7 जून को अपनी बुआ के घर से वापस लौटते समय बीच रास्ते से लापता हुआ किशोर कड़ी मशक्कत के बाद तमाम नकारात्मक तथ्यों को मिथ्या साबित करते हुए सकुशल बरामद किया गया। गांव रामपुर निवासी 16 वर्षीय प्रिंस पुत्र सत्यप्रकाश के घर बीती रात खुशी का माहौल छाया हुआ था। इकलौते पोते की घर वापसी पर दादा बद्री प्रसाद सिंह और दादी चंद्रवती की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बदहवास सी हुई मां जशोदा को पुत्र के लौटने पर वापस चेतना आई। सूचना पाते ही आस पड़ोस एवं शुभचिंतकों का घर पर जमावड़ा हो गया। पिता सत्यप्रकाश ने बताया कि प्रिंस किसी कारणवश परिवार वालों से नाराज होकर जयपुर चला गया था। उसके मोबाइल की अंतिम लोकेशन मोहनपुरा मिली थी। परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने कार्यवाही करते हुए किशोर द्वारा बैंक खाते से किए गए ट्रांजेक्शन का पता लगाया। लोकेशन के आधार पर पुलिस की एक टुकड़ी 16 जून को जयपुर शहर के लिए रवाना हुई। वहां पहुंचकर किशोर को एक हॉस्टल से बरामद किया। किशोर ने बताया कि वह घरवालों से किसी कारण नाराज हो गया था। पुलिस किशोर को साथ लेकर कासगंज कोतवाली वापस लौटी। सभी आवश्यक एवं कानूनी प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत 19 जून को पुलिस ने प्रिंस को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपने इकलौते पुत्र को सही सलामत वापस पाकर सभी परिजन बेहद खुश थे, सभी ने ईश्वर को बार बार धन्यवाद दिया।
Author: Soron Live 24

