एक राष्ट्र एक चुनाव से देश की लोकतांत्रिक संरचना को मिलेगी नई ऊर्जा

-केए पीजी कालेज में वन नेशन वन इलेक्शन फॉर स्टूडेंट्स विषय पर हुई गोष्ठी
कासगंज। भारतीय जनता पार्टी के बैनरतले गुरुवार को शहर के केए पीजी कालेज में वन नेशन वन इलेक्शन फॉर स्टूडेंट्स विषय पर गोष्ठी आयोजित हुई। इस दौरान अतिथियों ने एक राष्ट्र एक चुनाव की संकल्पना के बारे में अपने-अपने विचार व्यक्त किए।
गोष्ठी में मुख्य अतिथि जिलाध्यक्ष भाजपा नीरज शर्मा रहे। उन्होंने गोष्ठी के उद्घाटन की औपचारिकताएं पूरी कीं। इस दौरान उनका सम्मान भी किया गया। जिलाध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि एक राष्ट्र, एक चुनाव की संकल्पना भारतीय लोकतंत्र में सुशासन, स्थिरता एवं विकास की गति को सशक्त करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। यह व्यवस्था न केवल प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सुगम बनाएगी, बल्कि समय, संसाधन एवं लोकधन की बचत करते हुए राष्ट्र के सर्वांगीण उत्थान में सहायक होगी। निरंतर चुनावी प्रक्रियाओं से उत्पन्न होने वाली बाधाओं को समाप्त कर यह प्रणाली शासन की प्रभावशीलता को सुदृढ़ करेगी। इस दौरान मंचासीन निवर्तमान जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा मिथलेश राणा, डा. एपी गुप्ता ने भी अपने विचार व्यक्त किए। अन्य अतिथियों में प्रो. जेसी चतुर्वेदी ने भी एक राष्ट्र एक चुनाव को भारत की लोकतांत्रिक संरचना को नवीन ऊर्जा प्रदान करने वाला एक सशक्त कदम बताया। इस दौरान कालेज के विद्यार्थी मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

