कोहरे में बचाव हेतु वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टिव टेप लगा दिए दिशा निर्देश
कोहरे के कारण दृश्यता स्तर गिरने से बढ़ जाती है दुर्घटनाओं की संभावना

कासगंज। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2025 के अंतर्गत संचालित अभियान में उप संभागीय परिवहन अधिकारी आर पी मिश्र ने कोहरे से बचाव हेतु उपाय के संबंध में दिशा निर्देश दिए। साथ ही जनपद के प्रमुख मार्गों गोरहा बाईपास, अलीगढ़ रोड, एटा रोड आदि स्थलों पर ट्रक, ट्रैक्टर ट्रॉली, बुग्गी आदि वाहनों में रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप लगाया गया। सभी वाहन चालकों को जानकारी दी कि कोहरे के समय दृश्यता स्तर कम होती है इसलिए वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टिव टेप अथवा बैक लाइट होना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त कोहरे में वाहन को तेज गति से न चलाने, सड़क किनारों का ध्यान रखने, हेड लाइट को हाई बीम के बजाय लो बीम पर रखने, फॉग लाइट का प्रयोग करने, समय समय पर वाइपर प्रयोग द्वारा सामने का शीशा साफ रखने, सड़क पर चल रहे वाहन से उचित दूरी बनाकर चलने हेतु निर्देशित किया। एआरटीओ मिश्र ने बताया कि घने कोहरे के समय कभी भी ओवरटेक नहीं करना चाहिए क्योंकि दृश्यता स्तर कम अथवा शून्य होने पर सामने से आ रहे वाहन का पता नहीं लग पाने से दुर्घटनाओं को संभावना कई गुना बढ़ जाती है। इसके अलावा सड़क किनारे वाहन को पार्क न करें, यदि अति आवश्यक हो तो पार्किंग लाइट अवश्य जलाएं। कोहरे के समय एक पॉवरफुल टॉर्च साथ में रखें यह टॉर्च घने कोहरे में वाहनों को सिग्नल देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। जहां तक बहुत आवश्यक न हो कोहरे में यात्रा पर न निकले। इस प्रकार यातायात संबंधी नियमों एवं दिशा निर्देशों का पालन करने से संभावित दुर्घटनाओं को रोकने में अपनी भूमिका निभाई जा सकती है। इस दौरान ए आर टीओ आर पी मिश्र सहित अन्य प्रवर्तन कर्मी एवं वाहन चालक मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

