ज्ञापन देकर व्यापारियों ने किया ऑनलाइन ट्रेडिंग का विरोध

कासगंज। उत्तर प्रदेश उधोग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में व्यापारियों ने प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन अपर जिलाधिकारी कासगंज को सौंपा। व्यापारियों ने ज्ञापन के माध्यम से ऑनलाइन ट्रेडिंग की विसंगतियों और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धाएं, एमएसएमई हितों और उपभोक्ता संरक्षण की रक्षा के लिए ई. कॉमर्स में विनियमन अधिनियम बनाये जाने की मांग की है।
दिनाँक 4 जनवरी 2025 को उत्तर प्रदेश उधोग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुरेश वार्ष्णेय के नेतृत्व में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट कासगंज पहुंचकर प्रधानमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से भारतीय ई कॉमर्स उद्योग में विनियामक निरीक्षण की तत्काल आवश्यकता, ई कॉमर्स द्वारा जनित निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा को खतरे में डालने की प्रथा, जिससे विशेष रूप से व्यापारी, एमएसएमई खुदरा विक्रेता और उपभोक्ताओं पर प्रभाव पड़ रहा है, को दूर करने की मांग की गई है। ज्ञापन में ई कॉमर्स प्लेटफार्म पर विक्रेताओं का अनिवार्य केवाईसी किया जाने, अमेजॉन और फ्लिपकार्ट जैसी बड़ी ई कॉमर्स दिग्गज कंपनियों द्वारा एमएसएमई और पारंपरिक खुदरा विक्रेताओं सहित छोटे प्रतिस्पर्धियों को बाहर करने के लिए उत्पादों को अस्थिर दरों पर बेचे जाने से रोकने, ई कॉमर्स प्लेटफार्म को थोक विक्रेताओं के रूप में कार्य नहीं करने, कई प्लेटफार्म द्वारा अपनी इन हाउस या सहायक विक्रेता कंपनियों को विशेष रूप से मूल्य निर्धारण और दृश्यता के मामले में तरजीह देने से रोकने, बड़ी कैश बैक और ब्याज मुक्त योजनाएं जिससे असमान खेल का मैदान बनता है उसको बन्द करने एवं ई कॉमर्स कंपनी के डिलीवरी कर्मियों को उचित श्रम सुरक्षा और लाभ प्राप्त देने की मांग की गई है।
ज्ञापन देने वालों में जिला महामंत्री प्रदीप गुप्ता, नगर अध्यक्ष कासगंज जितेंद्र वार्ष्णेय, युवा जिलाध्यक्ष डॉ. विकास गुप्ता, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अनीता उपाध्याय, नगर अध्यक्ष सोरों विनोद वार्ष्णेय, प्रदेश मंत्री उमाशंकर भारद्वाज, राजन यादव, सुशील वर्मा सहित अन्य व्यापारी शामिल रहे।
Author: Soron Live 24

