सपा के प्रतिनिधि मंडल ने खतौनियों के संशोधन को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
।
कासगंज। समाजवादी पार्टी के एक प्रतिनिधि मंडल ने जनपद कासगंज में लेखपालों द्वारा गलत हिस्सा बंटवारा खतौनी में दर्ज करने व खतौनियों का संशोधन कर हिस्सा बंटवारा सही किए जाने के संबंध में जिलाधिकारी संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम पटियाली को सौंपा है।
एसडीएम पटियाली को सौंपे ज्ञापन में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने बताया है कि जनपद कासगंज में कुछ वर्ष पूर्व लेखपालों द्वारा डाटा एंट्री कर प्रत्येक गांव की खतौनी तैयार की थी। इस डाटा एंट्री को अधिकतर लेखपालों ने घर पर बैठकर किया। होना यह चाहिए था कि प्रत्येक लेखपाल गांव जाते और वहां लोगों से पूंछ कर कृषि जमीनों के उतराधिकार/मालिकाना हक के बारे में जानकारी करते और फिर डाटा एंट्री करके खतौनी तैयार करते, परंतु ऐसा नहीं हुआ, अधिकतर लेखपालों ने अपने घर पर बैठकर डाटा एंट्री कर ली। जिसका नतीजा यह हुआ है कि खतौनी में हिस्सा बंटवारा गलत दर्ज हो गया है। उदाहरण के तौर पर यदि दो भाई हैं और इनके पिता के पास 24 बीघा कृषि जमीन है और एक भाई के दो बेटे हैं और दूसरे भाई के एक ही बेटा है, तो दोनों भाइयों की मृत्यु हो जाने पर जमीन का बंटवारा ऐसे होगा कि एक भाई जिनके दो बेटों हैं उनको 6-6 बीघा जमीन मिलेगी और जो दूसरे भाई का बेटा है उसको 12 बीघा जमीन मिलेगी परंतु लेखपालों के गांव में न जाने से और घर पर बैठकर डाटा तैयार करने से यह हुआ कि लेखपालों ने इन चचेरे भाइयों में बराबर-बराबर 8-8 बीघा जमीन बांट दी, जो पूरी तरह से गलत है। इस तरह का गलत हिस्सा बंटवारा एक किसान के साथ नहीं हुआ बल्कि पूरे जनपद में हजारों किसानों के साथ ऐसा हुआ है कि उनका हिस्सा बंटवारा खतौनी में गलत दर्ज हो गया है और अब जब किसान अपने खेतों की फर्द निकालता है तो उन फर्दों में हिस्सा गलत आ रहा है। जिसका नतीजा किसान भुगत रहा है। उन्होने जिलाधिकारी से पूरे जनपद में खतौनी संशोधन कराया जाए मांग की है। जिससे खतौनी में सही सही हिस्सा बंटवारा दर्ज हो सके। ज्ञापन देने वालों में समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी, पूर्व नगर अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद, विधानसभा उपाध्यक्ष हिकमत अली, रणसिंह, श्यामलाल आदि मौजूद रहे।
फोटो , कैप्शन-एसडीएम पटियाली को ज्ञापन देता सपा का प्रतिनिधि मंडल।
Author: Soron Live 24

