श्रावण मास का पहला सोमवार आज, कांवड़ियों के लिये सज गईं दुकानें
तीसरी आंख से चप्पे चप्पे पर रहेगी जिला प्रशासन की नजर।
कासगंज। पवित्र श्रावण मास आज से शुरु हो रहे हैं, वैसे तो पूरे माह ही गंगाघाटों पर कांवड़ियों का जत्था उमडता रहेगा, लेकिन सोमवार को अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक कांवड़ें उठतीं हैं। कांवड़ मेले को लेकर पुलिस एवं प्रशासन ने भी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। जिला प्रशासन ने कावंडियों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए 210 तीसरी आंखों और 700 जवानों को तैनात किया गया है।
हर वर्ष की तरह ही इस वार श्रावण माह में जनपद के गंगा घाटों से हजारों की संख्या में कांवड़ें उठाई जायेगी। जिले के सोरों स्थित लहरा गंगा घाट पर कांवड़ लेने के लिए शिकोहाबाद, अलीगढ, एटा, हाथरस, मैनपुरी, इटावा सहित कई पडोसी जनपदोें से हजारों की संख्या में गंगाजल लेने के कांवड़ियों के पहुंचने का क्रम रविवार की सुबह से ही शुरू हो गया था। शाम होते-होते कासगंज शहर से लेकर देहात तक के कांवड़िए पहुंच गये और गंगा स्नान के बाद सजी-धजी कांवड़ों में जल लेकर कोई नंगे पांव पैदल चला तो कुछ लोग डाक कांवड़ के साथियों के सहयोग में वाहनों से भी रवाना हुए। पूरे माह ही भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना की जाएगी। शिवलिंगों का जलाभिषेक होगा। पूरे माह गंगा घाटों से गंतव्यों तक कांवड़ियों का आना-जाना बना रहेगा। कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस एवं प्रशासन ने भी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। सोरों, लहरा समेत अन्य गंगा घाटों पर भी कांवड़ मेले को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। कांवड़ों को सजाने संवारने के लिए दुकानें भी सज धज कर तैयार हो गई हैं। देर शाम को ही गंगा घाटों पर कांवड़ उठाने को कांवड़िए जुटते दिखाई दिए।
Author: Soron Live 24

