कामर्शियल वाहन के पीछे लाल टेप नही है तो होगा चालान- जिलाधिकारी
प्रेशर हाॅर्न, काली फिल्म, हूटर प्राइवेट वाहन पर पाये गये तो होगा चालान- पुलिस अधीक्षक
शराब, हेलमेट, फोन पर बात, ओवर लोडिंग पर 72 ड्राईविग लाईसेन्स किये गये निरस्त। इस प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश :कासगंज। जिलाधिकारी सुधा वर्मा ने पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक करते हुये कहा कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिये मिलजुल कर प्रयास करें। दुर्घटनाओं के लिये संवेदनशील स्थलों की कमियों को अधिशाषी अभियंता लोकनिर्माण विभाग एवं सम्बंधित निर्माण एजेंसिंया तत्काल सुधार कर अवगत करायें।पुलिस विभाग द्वारा अवगत कराया कि जनपद के अन्तर्गत लगभग तीन हजार अनाधिकृत ई-रिक्शा चल रहे हैं जिस पर सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी द्वारा इन सबको ध्वस्त करने हेतु जिलाधिकारी से एक कमेटी गठित करने का अग्रह किया गया। मार्गो पर दुर्घटनाओं से बचाव हेतु मोटराइज्ड एवं नाॅन माटराइज्ड वाहनों में रेट्रो रिफलेक्टिव टैप एवं फलोरेसेंट पेंट लगाये जाने की समीक्षा, स्कूली वाहनों की फिटनेस स्कूली वाहन चालकों के ड्राईविंग लाईसेन्स व चरित्र प्रमाण पत्र के सम्बन्ध में समीक्षा, सड़क दुर्घटना के पश्चात तुरन्त चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध कराया जाना तथा गोल्डल आॅवर में घायलों की मद्द व गुड्स सेमेरिटन स्कीम के प्रचार प्रसार की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी स्कूल वाहन बिना फिटनेस के संचालित न हों। ऐसे वाहन यदि दुर्घटनाग्रस्त होते हैं तो सम्बंधित स्कूल संचालक के विरूद्व एफआईआर दर्ज कराई जायेगी। ओवर लोडिंग वाहनों के लाइसेंस निलम्बित कराये जायें। मुख्य चिकित्साधिकारी सुनिश्चित करें कि कहीं पर भी दुर्घटना की स्थिति में तत्काल पीड़ितों की मदद की जाये। एम्बूलेंस से तत्काल उन्हें नजदीकी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया जाये। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिये बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने, शराब पीकर गाड़ी चलाने, ट्रिपल राइडिंग करने, बिना हेलमेट वाहन चलाने आदि को रोकने के लिये लोगों को जागरूक किया जाये। जिलाधिकारी ने कहा कि हिट एंड रन के मामलों में किसी वाहन की टक्कर से मृत्यु होने अथवा चोटिल होने की दशा में परिवहन विभाग द्वारा दी जाने वाली आर्थिक सहायता अधिक से अधिक लोगों को दी जाये। ऐसे लोगों को लाभान्वित किया जाये। इसके लिये पुलिस व परिवहन विभाग मिल कर कार्य करें। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, सभी एसडीएम, सीओ, प्रभारी ट्रैफिक, एआर टीओ अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, विद्युत, डीआईओएस सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Soron Live 24

