अब्दुल हफीज गांधी ने किया राजेपुर कुर्रा में रात्रि प्रवास, सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

गंजडुंडवारा। पटियाली विधानसभा क्षेत्र में 27 अगस्त की रात अब्दुल हफीज गांधी ने बाढ़ प्रभावित गांव राजेपुर कुर्रा में रात्रि प्रवास किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और व्यथाओं को सुना।
ग्रामवासियों ने उनसे मांग की कि नगला हंसी से राजेपुर कुर्रा तक तत्काल बांध का निर्माण कराया जाए, जिससे हर साल आने वाली बाढ़ से गांव, फसलें और घर सुरक्षित रह सकें। इसके अलावा बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा दिलाए जाने, किसानों पर चढ़े केसीसी लोन को माफ करने और बिजली बिल माफी की भी मांग की गई। ग्रामीणों ने कहा कि राजेपुर कुर्रा से वहोरा तक सड़क की मरम्मत कराई जाए और राजेपुर कुर्रा से नकारा के बीच स्थित रफ्टा पुल को ऊंचा किया जाए, ताकि लोगों का आवागमन सुगम हो सके।
ग्रामीणों ने गांव में डॉक्टरों की टीम भेजने और बिजली आपूर्ति को नकारा से जोड़ने की भी मांग रखी, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं और विद्युत आपूर्ति नियमित हो सके।
अब्दुल हफीज गांधी ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा, “गांव की समस्याएं मेरी अपनी समस्याएं हैं। यहां के लोगों ने जो पीड़ा और मांगें मेरे सामने रखी हैं, उन्हें पूरी गंभीरता से शासन-प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा। मैं तब तक संघर्ष करूंगा जब तक इन समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता।”
रात्रि प्रवास के बाद प्रातःकाल गांधी ने नगला जेली और नगला चतुरी का भी दौरा किया, जहां ग्रामीणों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया।
इस रात्रि प्रवास कार्यक्रम में नारायण सिंह यादव, भारत सिंह, जसवीर सिंह, केपी यादव, श्याम पाल सिंह, सुखबीर सिंह, चौब सिंह, अशोक कुमार, मनमोहन, अनुज, सुखवीर, विनोद कुमार, संजीव, सुखराम, राकेश, उदयवीर, नितेश कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

