सोरों शूकर क्षेत्र: भैरव जी मंदिर पर संत से मारपीट, संत ने त्यागा अन्न-जल

कासगंज जनपद के तीर्थ नगरी सोरों शूकर क्षेत्र परिक्रमा मार्ग स्थित भैरव जी मंदिर में गंभीर घटना घटित हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंदिर के संत प्रकाश आनंद पर यात्रियों को लेकर आए एक व्यक्ति ने मारपीट और अभद्रता की।
सूत्रों के अनुसार घटना के समय संत पूजा कर रहे थे। तभी यात्रियों द्वारा अर्पित भेंट सामग्री को वह विप्र अपने साथ ले जाने लगे। संत ने शालीन शब्दों में कहा कि आज तक ऐसा किसी ने नहीं किया। इसी बात पर वह विप्र क्रोधित हो गए और उन्होंने संत की जटाएं पकड़कर उनका सिर दीवार पर कई बार मारा, छाती पर घूसे मारे और अभद्र गालियां देते हुए धमकी देकर वहां से चले गए।
इस घटना के बाद से संत प्रकाश आनंद ने अन्न-जल त्याग दिया है, पूजा-पाठ बंद कर दिया है और वे लगातार रूदन कर रहे हैं। वे शूकर क्षेत्र छोड़कर जाने की भी बात कह रहे हैं। स्थानीय भक्तों और नागरिकों का मानना है कि ऐसे संत का यहां से चले जाना किसी दैवीय आपदा से कम नहीं होगा।
घटना की जानकारी पर सोरों पुलिसकर्मी एवं सिटी इंचार्ज समित अवस्थी मौके पर पहुंच चुके हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि संत प्रकाश आनंद ने कभी नगर में चंदा नहीं लिया और न ही धन की किसी प्रकार की लोलुपता दिखाई है। इस घटना से समाज में भारी रोष व्याप्त है।
भक्तगण एवं क्षेत्रीय लोग लगातार सोशल मीडिया पर घटना करने वाला व्यक्ति तत्काल गलती स्वीकार कर संत से क्षमा याचना करने की अपील कर रहे हैं। अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Author: Soron Live 24

