कासगंज में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, दुर्घटनाओं पर रोक के लिए कड़े निर्देश

कासगंज। जिलाधिकारी प्रणय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं व मृत्युदर पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों को ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग, यातायात पुलिस, लोक निर्माण विभाग और अन्य स्टेकहोल्डर विभाग संयुक्त निरीक्षण कर उन स्थलों की पहचान करें जहां लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं और वहां सुधारात्मक कार्यवाही की जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा का संचालन न होने पाए और सरिया-लोहा आदि लेकर ई-रिक्शा का संचालन करने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जाए। साथ ही, स्कूल वाहनों को बिना फिटनेस, परमिट और बीमा के नहीं चलने दिया जाएगा।
बैठक में भारत सरकार की राहवीर योजना पर भी चर्चा हुई। इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले व्यक्ति को ₹25,000 का इनाम और ‘राहवीर’ का सम्मान दिया जाएगा। इसी तरह कैशलेस स्कीम के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति का इलाज 7 दिन के भीतर अधिकतम ₹1,50,000 तक निजी अस्पतालों में कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने इन योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी, एआरटीओ आरपी मिश्र, अधिशासी अभियंता लो.नि.वि. नंद किशोर, बेसिक शिक्षा अधिकारी सूर्य प्रताप, सीओ ट्रैफिक अमित कुमार सहित संबंधित विभागों और ट्रांसपोर्टर प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
Author: Soron Live 24

