अजा एकादशी पर सोरों धाम में श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब, पंचकोशी परिक्रमा में गूंजे “ॐ जय गंगे-ॐ जय वराह”

कासगंज। विश्वविख्यात तीर्थनगरी सोरों शूकरक्षेत्र धाम में अजा एकादशी (19 अगस्त 2025, मंगलवार) के पावन अवसर पर दूर-दराज़ से आए हजारों श्रद्धालुओं ने पंचकोशी परिक्रमा कर भगवान वराह के दर्शन-पूजन किए। परिक्रमा का शुभारंभ प्रातः 8 बजे हर की पौड़ी गंगा स्नान और भगवान वराह के पूजन-अर्चन के साथ हुआ।
परिक्रमा का नेतृत्व शूकर क्षेत्र समाज सेवा समिति संयोजक एवं ब्राह्मण कल्याण सभा संस्थापक अध्यक्ष शरद कुमार पांडे ने किया। परिक्रमा पथ श्री गंगा जी से प्रारंभ होकर सूर्यकुंड, दूधेश्वर, साध्वी रत्नावली समाधि, बटुक भैरव मंदिर, जयदेवी पीठ, सीताराम मंदिर, गोस्वामी तुलसीदास जन्मस्थान मंदिर, 84 घंटे वाली मां मंदिर, शेडू नगरा, बाक्षरू महाराज, सीता रसोई, ममता देवी भवन, सिंगल वाले महाराज, करुआ देव महाराज, बनखंडेश्वर महादेव, कपिल मुनि आश्रम, चैतन्य महाप्रभु बैठक, काला गोरा भैरव मंदिर होते हुए पुनः भगवान वराह मंदिर पर सम्पन्न हुई।
इस दौरान विभिन्न स्थानों पर समिति पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद, फलाहार एवं जलपान की व्यवस्था की। यात्रा मार्ग पर राम-हरि कीर्तन और ॐ जय गंगे, ॐ जय वराह के उद्घोष से संपूर्ण तीर्थनगरी गुंजायमान रही।
शरद कुमार पांडे ने बताया कि सनातन धर्म में एकादशी अत्यंत पुण्यदायी मानी जाती है। इस दिन स्नान, दान, उपवास और भगवान विष्णु-वराह की भक्ति से जीवन में सुख-समृद्धि एवं मोक्ष की प्राप्ति होती है।
धर्माचार्यों के अनुसार सोरों तीर्थ को सृष्टि का उद्गम स्थल माना गया है। यहां हर एकादशी को होने वाली पंचकोशी परिक्रमा में न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों से श्रद्धालु पहुंचते हैं।
इस बार की परिक्रमा में विशेष रूप से शिवानंद उपाध्याय, प्रदीप उपाध्याय, शशांक दीक्षित, अशोक कुमार पांडे, गोविंद गोपाल तिवारी, नाथू सिंह, गिरजा शंकर पाठक, राधा कृष्ण विजय सहित हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान वराह से आशीर्वाद प्राप्त किया।
Author: Soron Live 24

