कांग्रेस ने वोटर लिस्ट में गड़बड़ी को लेकर अंबेडकर पार्क पर किया विरोध प्रदर्शन

कासगंज।शहर कांग्रेस कमेटी ने आज शहर अध्यक्ष राजेंद्र कश्यप के नेतृत्व में अंबेडकर पार्क पर चुनाव आयोग द्वारा वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेसजनों का आरोप है कि भाजपा के नियंत्रण में चुनाव आयोग जनमत का दुरुपयोग कर रहा है, जो लोकतंत्र की जड़ों को हिला देने वाला कृत्य है।
शहर अध्यक्ष राजेंद्र कश्यप ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार पूर्व में कांग्रेस सरकार की नीतियों का विरोध करती थी, लेकिन आज उन्हीं नीतियों पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब राजीव गांधी कंप्यूटर क्रांति लेकर आए थे, तो अटल बिहारी वाजपेई बैलगाड़ी लेकर संसद पहुंचे थे। इसी तरह, कांग्रेस जब आधार कार्ड लाई थी, तब भाजपा ने विरोध किया, किंतु अब उसी आधार कार्ड का उपयोग कर रही है, जबकि इसे भारतीय नागरिकता का प्रमाण भी नहीं मानती।
कश्यप ने आरोप लगाया कि सरकार वोटर लिस्ट से लोगों के नाम काट रही है, और यह स्पष्ट करे कि नागरिक अपनी नागरिकता किस प्रकार सिद्ध करेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भी लोकसभा में वोट चोरी का मुद्दा लगातार उठा रहे हैं, और हाल ही में कर्नाटक की एक विधानसभा में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए — जहां एक ही घर में 85 वोट दर्ज पाए गए, जिनमें कई के नाम-पते अधूरे थे।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग एक राज्य से दूसरे राज्य में चुनाव आने पर वोट बढ़ा देता है, जिससे वोटों में हेराफेरी की जाती है, जो आम जनता के वोट के अधिकार की डकैती है और ऐसी सरकार को “चोरी की सरकार” कहना उचित है।
इस मौके पर पूर्व जिला महासचिव एवं प्रवक्ता पंडित अमित पाठक, सजिल रमेश धनगर, उषा पाल, जलीसा बेगम, सुशील शर्मा, सत्य प्रकाश गुप्ता, झम्मन सिंह लोधी, श्याम बाबू, चंचल चमन ट्रेलर, धर्मवीर कश्यप, शब्बन मियां, रजनीश उपाध्याय, अशिष् सोलंकी समेत अनेक कांग्रेसजन मौजूद रहे।
#कांग्रेस #चुनावआयोग #प्रदर्शन
Author: Soron Live 24

