कासगंज: गौशाला की दुर्दशा पर भड़के बजरंग दल व गौ सेवा समिति, प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी

कासगंज। मंगलवार को बजरंग दल एवं गौ सेवा समिति द्वारा कासगंज मंडी स्थित गौशाला का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें गौवंशों की अत्यंत दयनीय स्थिति सामने आई। निरीक्षण के दौरान बजरंग दल नगर संयोजक सत्येंद्र सिंह एवं गौ सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरेंद्र तिवारी ने बताया कि कई गायें मृत या मरणासन्न हालत में पाई गईं। दो गायों की आंखों में कीड़े अंदर-बाहर आते-जाते दिखे, जिसे देखकर मौजूद लोगों की आंखें भर आईं।
गौशाला की इस हालत पर जब हरेंद्र तिवारी ने नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेंद्र बोहरे से बात की, तो उन्होंने आपत्तिजनक प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “ज्यादा गौसेवा घुस रही है, खुद गौशाला चला लो। तुम किसकी परमिशन से गौशाला में घुसे हो?” इस प्रतिक्रिया ने विवाद को और बढ़ा दिया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सत्येंद्र सिंह ने संगठन के उच्च पदाधिकारियों के साथ-साथ जिलाधिकारी, एसडीएम और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (CVO) को अवगत कराया। प्रशासन की ओर से एक डॉक्टरों की टीम मौके पर भेजी गई, लेकिन मौके की स्थिति ने सरकारी तंत्र की लापरवाही उजागर कर दी।
हरेंद्र तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में गौशालाओं के नाम पर सरकारी धन का बंदरबांट हो रहा है और प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जिले की सभी सरकारी गौशालाओं में गायों के लिए टीन शेड, स्वच्छ जल, चारा एवं देखभाल की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, तो एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
निरीक्षण के दौरान बजरंग दल के जिला सह संयोजक विनोद कुशवाह, ओमकार, शिव, आशीष सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#Kasganj #GausevaSamiti #BajrangDal #CowShelterIssue #UPNews #GauvanshDurdasha #CorruptionExposed #YogiSarkar #KasganjNews #UPAdministration
Author: Soron Live 24

