सपाईयों ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल पेश किया कफन

 

कासगंज यूपी:

(कासगंज में सपाई ने हाथों में कफन लेकर किया विरोध प्रदर्शन)

कासगंज:गंजडुंडवारा में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए चुनाव आयोग को एक कफन पेश किया गया। मिल्कीपुर उपचुनाव में जिस तरह से चुनाव आयोग की कार्य प्रणाली रही है वह अफसोसनाक है। मिल्कीपुर में पार्टी विशेष को चुनाव आयोग समर्थन करता हुआ दिख रहा है। लोगों ने फर्जी वोट डाले, पीडीए के लोगों को वोट डालने से रोका गया तथा पीडीए के लोगों को डराया धमकाया गया। इस पर चुनाव आयोग ने कोई भी संज्ञान नहीं लिया।

मिल्कीपुर उप चुनाव में लोकतंत्र का हनन हुआ है। चुनाव आयोग ने समाजवादी पार्टी की एक भी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। ऐसा प्रतीत होता है कि चुनाव आयोग मर चुका है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि आज लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाते हुए चुनाव आयोग के भेदभावपूर्ण रवैये के खिलाफ विरोध दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि देश में चुनाव आयोग का जो स्वरूप होना चाहिए, वह आज पूरी तरह समाप्त हो चुका है। सत्ताधारी दल के प्रति झुकाव और विपक्षी उम्मीदवारों के साथ भेदभाव ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं।

आज हम चुनाव आयोग की निष्पक्षता की ‘मृत्यु’ पर उसे प्रतीकात्मक रूप से “कफन” अर्पित कर रहे हैं, जिससे देश को यह संदेश जाए कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमें जागरूक रहना होगा। चुनाव आयोग की निष्पक्षता खत्म होना लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी है। यदि यह संस्थान सरकार के दबाव में काम करेगा तो निष्पक्ष चुनाव एक सपना बन कर रह जाएगा।

अब्दुल हफीज गांधी ने चुनाव आयोग से मांग की कि वह अपनी साख बचाने के लिए वह निष्पक्षता का परिचय दे और सभी उम्मीदवारों को समान अवसर उपलब्ध कराए। उन्होंने जनता से अपील की कि वे जागरूक बनें और लोकतंत्र की इस लड़ाई में अपनी भूमिका निभाएं।

जिला महासचिव विनय कुशवाहा ने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है इसको हर किसी के साथ निष्पक्षता और बराबरी का व्यवहार करना चाहिए। चुनाव आयोग के लिए सभी पार्टियों बराबर हैं। चुनाव आयोग किसी एक पार्टी को प्राथमिकता नहीं दे सकता।

चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष रोहिताश यादव ने कहा कि जब से केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है तब से चुनाव आयोग अपनी भूमिका सही से नहीं निभा पा रहा है। अक्सर यह देखा गया है कि चुनाव आयोग सत्ताधारी दल के प्रभाव में काम करता है। इससे न सिर्फ संविधान को खतरा है बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को भी खतरा उत्पन्न हो रहा है।

गंजडवारा नगर अध्यक्ष तारिक महमूद मंसूरी ने कहा कि ऐसा लगता है कि चुनाव आयोग देश के अंदर है ही नहीं। जब भी चुनाव होता है चुनाव आयोग निष्पक्षता से काम नहीं करता है। चुनाव आयोग को चाहिए की संवैधानिक संस्था होने के नाते निष्पक्षता से काम करें।

राष्ट्रीय सचिव मुलायम सिंह युद्ध ब्रिगेड राशिद अली ने कहा समाजवादी पार्टी लोकतंत्र में आस्था रखती है, इसलिए सभी संवैधानिक संस्थाओं का आदर करती है। परंतु जो संवैधानिक संस्थाएं मौजूदा सरकार ने कमजोर की है और वह संस्थाएं एक पार्टी विशेष के लिए काम करती हैं। हम ऐसे चुनाव आयोग के खिलाफ शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन करते रहेंगे।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *