अपना घर आश्रम की स्थापना का एक वर्ष पूर्ण होने पर समारोह का आयोजन किया

कासगंज:सोरों तीर्थंनगरी के अपना घर आश्रम का एक वर्ष पूर्ण होने पर वार्षिक समारोह एवं सेवासाथी नमन समारोह का आयोजन किया गया। वराह मंदिर के महंत विदेहानन्द गिरी ने भारत माता के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक श्रीमती अपर्णा रजत कौशिक ने कहा कि निराश्रितों की सेवा का इससे अनूठा उदाहरण कोई दूसरा नहीं है। कई जनपदों में पैट्रोलिंग में कई बार मार्ग में निराश्रित मिलते हैं उन जनपदों के निकट के अपना घर में फोन करने पर उन्होंने तुरंत इन्हें अपनाया है। अपना घर का ऐसा सुदृढ़ सिस्टम बना है जिसे समाज ने छोड़ दिया उसे इन्होंने अपनाया है।
विशिष्ट अतिथि आरएसएस के जिला कार्यवाह शिवांशु दुबे ने कहा कि सेवा परमो धर्म। सेवा तन मन, धन, वचन, कर्म से करनी चाहिये। अपना घर के संस्थापक डा. बीएम भारद्वाज ने कहा कि निस्वार्थ भाव से पीड़ित मानवों की सेवा करना ही सच्ची ईश्वर सेवा है। दान, परोपकार, सहायता करके बदले की आस न करें। उन्होंने बताया कि देश भर में चल रहे 62 अपना घरों में 14 हजार से अधिक निराश्रितों की सेवा का कार्य डेढ़ लाख से अधिक लोग इससे जुड़कर कर रहे हैं। पतंजलि योग पीठ के मंडल प्रभारी जेसी चतुर्वेदी ने कहा कि अपना घर में रह रहे निराश्रितों में मानसिक विकृति नर्वस सिस्टम फेलियर का परिणाम है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अपना घर सोरोंजी के अध्यक्ष सुनील कुमार अग्रवाल ने कहा कि गत वर्ष 30 अक्टूबर को लहरा में स्थापित अपना घर में 47 निराश्रितों के रहने की व्यवस्था है।यहां अधिकतम निराश्रितों की संख्या 42 तक पहुंच गई थी। जिसमें से कुछ स्वस्थ होकर अपने घरों को चले गए। 6 गंभीर बीमारियों से त्रस्त को एम्बुलेंस द्वारा भरतपुर अपना घर मे उच्च चिकित्सा के लिए भेज दिया गया। वर्तमान में यहां 27 निराश्रित रह रहे हैं।
कार्यक्रम का संचालन विष्णु अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम में अपना घर से सह्योगकर्ता के रूप में जुड़े आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज जनपदों से लोग सपरिवार आए। इस अवसर पर राष्ट्रीय संरक्षक वीरपाल, देवेंद्र कुमार झंवर, विकास निर्भय, राजीव मित्तल, शरद पांडे,जयप्रकाश अग्रवाल, गोविंद सिंघल आदि बडी संख्या में लोग उपस्थित रहे।।
Author: Soron Live 24

