पंचकोसी परिक्रमा 28 सितंबर को लगेगी
28 सितंबर को है इंदिरा एकादशी
कासगंज:सोरोंजी। 28 सितंबर को इंदिरा एकादशी है। ब्राह्मण कल्याण सभा द्वारा इस पावन दिवस पर बैठक कर शूकर क्षेत्र की पंचकोसी परिक्रमा का आयोजन करने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पांडेय ने कहा कि इंदिरा एकादशी के अवसर पर सूकर

क्षेत्र सोरों जी की पंचकोशी परिक्रमा पूर्व की भांति ही हरि की पौड़ी में गंगा स्नान उपरांत भगवान वाराह मंदिर प्रांगण से पूजन अर्चन करने के उपरांत प्रातः 7 बजे प्रारंभ होगी।
इंदिरा एकादशी के महत्व को समझाते हुए पांडेय ने बताया कि इंदिरा एकादशी श्राद्ध पक्ष की एकादशी है और इस एकादशी में भगवान शालिग्राम की पूजा की जाती है। इस व्रत के धार्मिक कर्म दशमी से ही शुरू हो जाते हैं।अश्विन माह के कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि को इंदिरा एकादशी व्रत रखा जाता है। इस साल ये एकादशी शनिवार 28 सितंबर को पड़ रही है। हिंदू धर्म में इस व्रत का काफी अधिक महत्व है। पितृ पक्ष के दौरान पड़ने वाली इंदिरा एकादशी को पितरों के उद्धार के लिए श्रेष्ठ माना जाता है। ऐसा माना जाता है की इस व्रत के करने से हमारे पितरों के पाप धुलते हैं और उन्हें यम लोक से मुक्ति मिलती है और स्वर्ग की प्राप्ति होती है।
एकादशी की तिथि 27 सितंबर को दोपहर 1 बजकर 20 मिनट से शुरू होगी और 28 सितंबर को दोपहर 2 बजकर 49 मिनट तक रहेगी। उदया तिथि के अनुसार एकादशी का व्रत 28 सितंबर को रखा जाएगा।
इंदिरा एकादशी की खास बात यह है कि यह पितृ पक्ष में आती है। इसलिए इसका महत्व बढ़ जाता है। ग्रंथों के अनुसार इस एकादशी पर विधिपूर्वक व्रत कर इसके पुण्य को पूर्वज के नाम पर दान कर दिया जाए तो उन्हें मोक्ष मिल जाता है और व्रत करने वाले को बैकुण्ठ प्राप्ति होती है।
Author: Soron Live 24

