एआरटीओ की कार्रवाई में 128 वाहन चालकों के चालान, पांच वाहन निरुद्ध
सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत कासगंज रोडवेज डिपो पर चालकों को किया जागरूक, 3.28 लाख रुपये का जुर्माना लगाया

कासगंज। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा-2026 के तहत सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) कासगंज के नेतृत्व में यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई और वाहन चालकों को जागरूक करने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 और 25 नवंबर को कासगंज रोडवेज डिपो पर वाहन चालकों एवं परिचालकों के लिए सड़क सुरक्षा कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में रोडवेज बस चालकों के साथ टैक्सी, ऑटो एवं अन्य वाहन चालक शामिल हुए। उन्हें यातायात नियमों का पालन करने, कोहरे के दौरान तेज गति से वाहन न चलाने, अनावश्यक ओवरटेक से बचने, लेन ड्राइविंग अपनाने, सड़क किनारे वाहन खड़ा न करने, वाहनों में रिफ्लेक्टिव टेप लगाने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने के प्रति जागरूक किया गया।
इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई भी की गई। दोपहिया वाहनों पर तीन सवारियां बैठाने, अवैध पार्किंग, ब्लैक फिल्म और हूटर का प्रयोग, हेलमेट व सीट बेल्ट न लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल, रांग साइड वाहन चलाने, निर्धारित गति से अधिक चलने, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने जैसे मामलों में कुल 128 चालान किए गए तथा पांच वाहनों को निरुद्ध किया गया। कार्रवाई के दौरान 3.28 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क आरोपित किया गया।
कार्यवाही में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी आरपी मिश्र, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक नरीज कुमार, यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह एवं प्रवर्तन कर्मी शामिल रहे।
Author: Soron Live 24

