कार्तिक पूर्णिमा पर सोरों, लहरा और कादरगंज घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
हरि की पैड़ी स्थित आदि गंगा में हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, भगवान वराह और मां गंगा के दर्शन कर किया पुण्य अर्जित

कासगंज। (सचिन उपाध्याय /रवि श्रोतीय) कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर जनपद के तीर्थ नगरी सोरों शूकर क्षेत्र धाम सहित लहरा गंगा और कादरगंज गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही हजारों श्रद्धालु विभिन्न गंगा घाटों पर पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा में स्नान कर पूजा-अर्चना, दान-पुण्य किया तथा धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर कार्तिक पूर्णिमा का पुण्य लाभ अर्जित किया।
तीर्थ नगरी सोरों स्थित हरि की पैड़ी आदि गंगा घाट पर सुबह छह बजे से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और मां गंगा का पूजन किया। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने हरि की पैड़ी की परिक्रमा कर भगवान वराह एवं मां गंगा के दर्शन किए। घाटों पर दिनभर धार्मिक आस्था और श्रद्धा का माहौल बना रहा।

कार्तिक पूर्णिमा के महत्व को देखते हुए श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद जरूरतमंदों को दान दिया तथा परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। घाटों पर दीप, पूजा सामग्री और धार्मिक गतिविधियों के बीच श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए। सोरों कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा के नेतृत्व में हरि की पैड़ी सहित प्रमुख घाटों पर पुलिस बल तैनात रहा। वहीं लहरा गंगा और कादरगंज घाटों पर भी पुलिसकर्मियों के साथ गोताखोरों की तैनाती की गई, जिससे स्नान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को जाम की समस्या से बचाने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा रूट डायवर्जन भी लागू किया गया। प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था संभालते हुए श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के प्रयास किए गए।
वराह मंदिर के सेवायत नरेश त्रिगुणायत ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर भगवान वराह के दर्शन किए और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और धार्मिक आस्था देखने को मिली।
Author: Soron Live 24

