देवोत्थान एकादशी पर जय श्री वराह नारायण के जयघोष से गूंज उठा शूकरक्षेत्र धाम
हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साह से निकाली पंचकोशीय परिक्रमा, जगह-जगह स्वागत, जलपान और प्रसादी वितरण के माध्यम से सेवा भाव की दिखी मिसाल

सोरों जी (कासगंज), 20 नवंबर। देवोत्थान एकादशी के पावन पर्व पर तीर्थ नगरी सोरों जी के पौराणिक शूकरक्षेत्र धाम में भक्ति, आस्था और धार्मिक उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान श्रीहरि विष्णु के योगनिद्रा से जागरण के पर्व पर ‘जय श्री वराह नारायण’ के जयघोष और हरिनाम संकीर्तन के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने पंचकोशीय परिक्रमा में भाग लेकर धर्म और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया। साधु-संतों, महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों की सहभागिता से पूरा परिक्रमा मार्ग भक्तिमय हो उठा। जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत कर जलपान, विश्राम और प्रसादी वितरण किया गया।
शूकरक्षेत्र समाज सेवा समिति एवं ब्राह्मण कल्याण सभा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पंचकोशीय परिक्रमा का शुभारंभ प्रातः हरि की पौड़ी पर मां गंगा के दुग्धाभिषेक, वैदिक मंत्रोच्चार, गंगा पूजन तथा भगवान श्रीवराह नारायण के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। सुबह नौ बजे श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीवराह नारायण का स्मरण करते हुए परिक्रमा यात्रा प्रारंभ की। धार्मिक ध्वजों के साथ निकला श्रद्धालुओं का कारवां भजन-कीर्तन और जयघोष करता हुआ विभिन्न प्राचीन तीर्थों एवं सिद्धपीठों तक पहुंचा। अनेक श्रद्धालु पैदल परिक्रमा करते नजर आए, जबकि कुछ ने साइकिल, मोटरसाइकिल और ई-रिक्शा के माध्यम से सहभागिता की।
देवोत्थान एकादशी का धार्मिक महत्व बताया
कार्यक्रम के संयोजक शूकरक्षेत्र समाज सेवा समिति के संयोजक एवं ब्राह्मण कल्याण सभा के संस्थापक अध्यक्ष पंडित शरद कुमार पाण्डेय ने देवोत्थान एकादशी के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवोत्थान, देवप्रबोधिनी और देवउठनी एकादशी के नाम से जाना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन भगवान श्रीहरि विष्णु अपनी योगनिद्रा से जागृत होते हैं और इसी के साथ मांगलिक कार्यों का शुभारंभ होता है।
उन्होंने कहा कि यह पर्व सनातन परंपरा में आध्यात्मिक जागरण, धर्म, साधना और नवचेतना का प्रतीक है। इस दिन भगवान विष्णु एवं माता लक्ष्मी की पूजा, तुलसी पूजन, दीपदान, व्रत, दान-पुण्य और हरिनाम संकीर्तन का विशेष महत्व है। शूकरक्षेत्र धाम भगवान श्रीवराह नारायण की अवतारस्थली होने के कारण सनातन धर्म में विशेष धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व रखता है। भगवान विष्णु के वराह अवतार की दिव्य लीला, मां गंगा की पावन धारा, हरि की पौड़ी तथा यहां स्थित प्राचीन मंदिर इस तीर्थ की आध्यात्मिक पहचान हैं।
प्राचीन तीर्थों एवं सिद्धपीठों के दर्शन करते हुए निकली परिक्रमा
पंचकोशीय परिक्रमा हरि की पौड़ी स्थित भगवान श्रीवराह मंदिर से प्रारंभ होकर वराह विश्राम घाट, वराह गौशाला, चक्रतीर्थ स्थित योगेश्वर महादेव मंदिर और सूर्यकुंड पहुंची। इसके बाद श्रद्धालुओं ने दूधेश्वर महादेव मंदिर, सीताराम मंदिर, जया देवी भद्रकाली सिद्धपीठ, सतयुगकालीन गृद्धवट, आदि शंकराचार्य द्वारा स्थापित श्री यंत्र, ग्राम देवी मंदिर तथा गोस्वामी तुलसीदास जन्मस्थान मंदिर के दर्शन किए।
परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह प्रसादी वितरण और सेवा शिविर लगाए गए। दूधेश्वर महादेव मंदिर पर ब्राह्मण कल्याण सभा के जिला उपाध्यक्ष गंगा विष्णु माफीदार ने फल प्रसादी वितरित की। 84 घंटे वाली मैया के स्थान पर समाजसेविका महारानी गुप्ता एवं सौरभ गुप्ता ने श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित कर स्वागत किया। सेड़ूनगरा होते हुए परिक्रमा भगवान श्रीकृष्ण एवं बलदाऊ महाराज की क्रीड़ास्थली तथा वत्सासुर मोक्षस्थली बाछरू महाराज पहुंची, जहां सत्यदेव तिवारी की ओर से प्रसाद वितरण किया गया।
सीता रसोई सहित कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए सेवा व्यवस्था
लंबी परिक्रमा के दौरान सीता रसोई में शिव शक्ति प्रॉपर्टीज के रामदर्शन महेरे, नीरज तिवारी एवं सहयोगियों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विश्राम और प्रसादी की विशेष व्यवस्था की गई। सेवा कार्य की श्रद्धालुओं ने सराहना की। इसके बाद परिक्रमा ममता देवी भवन ‘प्रेम जी की बगीची’ पहुंची, जहां दीपक बड़गैयाँ एवं उनके परिवार ने स्वागत कर प्रसादी वितरित की।
सिंग्नल वाले महाराज के स्थान पर अशोक धमनावत, विजय तिवारी, अवधेश तिवारी सहित अन्य सहयोगियों द्वारा प्रसाद वितरण और संकीर्तन किया गया। परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं ने भागीरथ गुफा, कपिल मुनि आश्रम एवं वनखंडेश्वर महादेव बाबा के दर्शन किए। यहां शूकरक्षेत्र समाज सेवा समिति की ओर से प्रसादी वितरण किया गया। इसके बाद करुआ देव महाराज तथा श्री चैतन्य महाप्रभु की बैठक के दर्शन करते हुए श्रद्धालु पुनः हरि की पौड़ी स्थित भगवान श्रीवराह नारायण मंदिर पहुंचे, जहां पूजन के साथ परिक्रमा संपन्न हुई।
ब्राह्मण कल्याण सभा ने किया प्रसादी वितरण, सेवा भाव से जुड़ा आयोजन
पंचकोशीय परिक्रमा के समापन पर हरि की पौड़ी स्थित भगवान श्रीवराह नारायण मंदिर में पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद ब्राह्मण कल्याण सभा परिवार की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। आयोजन के दौरान स्थानीय श्रद्धालुओं, समाजसेवियों और धर्मप्रेमियों द्वारा जगह-जगह किए गए सेवा कार्यों ने परिक्रमा को धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक समरसता और सहयोग का स्वरूप प्रदान किया।
प्रत्येक एकादशी पर परिक्रमा को जनआंदोलन बनाने का संकल्प
पंडित शरद कुमार पाण्डेय ने कहा कि पंचकोशीय परिक्रमा का उद्देश्य केवल धार्मिक यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि शूकरक्षेत्र की प्राचीन महिमा को जन-जन तक पहुंचाना, नई पीढ़ी को सनातन विरासत से जोड़ना तथा तीर्थ की पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित करना है। उन्होंने नगरवासियों, साधु-संतों, धर्माचार्यों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, विद्यालयों और मातृशक्ति से प्रत्येक एकादशी पर परिवार सहित पंचकोशीय परिक्रमा में सहभागिता करने का आह्वान किया।
उन्होंने तीर्थ संरक्षण, मां गंगा एवं बूढ़ी गंगा की स्वच्छता, प्राचीन मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों के संवर्धन और परिक्रमा मार्ग के विकास को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि जब समाज अपनी संस्कृति और धार्मिक विरासत के संरक्षण के लिए एकजुट होता है, तभी आने वाली पीढ़ियों को अपनी पहचान और परंपराओं का गौरव मिलता है।
आयोजन के दौरान ‘हर एकादशी, एक संकल्प—शूकरक्षेत्र की पंचकोशीय परिक्रमा’, ‘तीर्थ बचाओ, संस्कृति बचाओ, शूकरक्षेत्र की महिमा बढ़ाओ’ और ‘एक धाम, एक पहचान—शूकरक्षेत्र हमारा अभिमान’ जैसे संदेशों के साथ श्रद्धालुओं में धार्मिक चेतना का संचार किया गया।
कार्यक्रम के अंत में पंडित शरद कुमार पाण्डेय ने साधु-संतों, श्रद्धालुओं, सेवाभावी परिवारों, सहयोगियों एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए भगवान श्रीवराह नारायण से सभी के कल्याण और मंगल की कामना की।
परिक्रमा में शरद कुमार पाण्डेय, प्रवीण कुमार द्विवेदी, अभय भारद्वाज, आशीष भारद्वाज, शिवानंद उपाध्याय, शशांक दीक्षित, शैलेंद्र तिवारी, विनय तिवारी, दिनेश गुप्ता, राजकुमार गौड़, तेजपाल, मुकेश चंद्र रावत, पवन महेश्वरी, अजय राठी, सचिन गुप्ता, देव शर्मा, इंद्र कुमार, गंगा विष्णु माफीदार, लालाराम, राजपाल, राम भजन तिवारी, रामनिवास, श्याम किशोर वर्मा, श्योराज सिंह, कामता प्रसाद, वीरेंद्र, सत्येंद्र सिंह चौहान, ओमवीर, धीरेंद्र उपाध्याय, अशोक पाठक, रविंद्र कुमार शर्मा, विजय तिवारी, योगेश उपाध्याय, हिमांशु उपाध्याय सहित हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
#देवोत्थानएकादशी #सोरों #कासगंज
Author: Soron Live 24

