रिजर्व पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड का एसपी ने किया निरीक्षण, पुलिसकर्मियों को अनुशासन और फिटनेस के दिए निर्देश

रिजर्व पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड का एसपी ने किया निरीक्षण, पुलिसकर्मियों को अनुशासन और फिटनेस के दिए निर्देश

परेड में दौड़, शारीरिक व्यायाम एवं ड्रिल का कराया अभ्यास, पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

कासगंज। पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन कासगंज में आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड का मानप्रणाम स्वीकार कर परेड की विभिन्न टोलियों का निरीक्षण किया तथा पुलिसकर्मियों के अनुशासन, वर्दी एवं टर्नआउट का जायजा लिया। साथ ही पुलिसकर्मियों को शारीरिक दक्षता, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा बनाए रखने के निर्देश दिए।

पुलिस बल को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ, चुस्त-दुरुस्त तथा ड्यूटी के लिए सदैव तत्पर रखने के उद्देश्य से परेड में शामिल पुलिसकर्मियों से दौड़ लगवाई गई और विभिन्न शारीरिक व्यायाम कराए गए। इसके साथ ही अनुशासन, एकरूपता एवं टीम भावना विकसित करने के लिए ड्रिल का अभ्यास भी कराया गया।

परेड में पुलिस लाइन में आधारभूत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों, पुलिस लाइन के जवानों तथा विभिन्न कार्यालयों में नियुक्त पुलिसकर्मियों ने प्रतिभाग किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को साफ-सुथरी एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप वर्दी धारण करने, टर्नआउट बेहतर बनाए रखने तथा परेड एवं प्रशिक्षण गतिविधियों में नियमित रूप से प्रतिभाग करने के निर्देश दिए।

परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने रिजर्व पुलिस लाइन की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्था, पुलिसकर्मियों के आवास एवं बैरकों, परिसर की साफ-सफाई और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं दुरुस्त बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ करें तथा जनसामान्य की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहें।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन दुर्गेश कुमार मिश्र, प्रतिसार निरीक्षक सुभाष सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *