वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल करने वाले 10 चालकों पर कार्रवाई, 52 चालान कर लगाया 2.38 लाख रुपये जुर्माना

सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत परिवहन विभाग ने चलाया जागरूकता अभियान, नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्री वाहनों पर भी कसा शिकंजा
कासगंज। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद में 16 से 30 नवंबर तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा-2026 मनाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को तीसरे दिन परिवहन विभाग की ओर से जनपद के प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए जागरूक किया गया। इसके साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, गलत दिशा में वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, ओवरलोडिंग से बचने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की गई। इस दौरान आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए।
परिवहन विभाग ने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने वाले 10 चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने और ड्राइविंग के दौरान रील बनाने के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में वाहन चालकों को जागरूक करने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
इसके अलावा अनधिकृत रूप से संचालित यात्री वाहनों और डबल डेकर बसों का भी निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन गेट, निर्धारित सीट क्षमता और वाहन संबंधी प्रपत्रों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले सात यात्री वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
सड़क सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी 52 चालान किए गए, जिनमें कुल 2.38 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क आरोपित किया गया।
इस दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी आरपी मिश्र, यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह सहित प्रवर्तन कर्मी एवं बड़ी संख्या में वाहन चालक मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

