सड़क सुरक्षा पखवाड़ा: ओवरस्पीडिंग में 36 वाहनों पर कार्रवाई, पांच स्कूली वाहन भी पकड़े

सड़क सुरक्षा पखवाड़ा: ओवरस्पीडिंग में 36 वाहनों पर कार्रवाई, पांच स्कूली वाहन भी पकड़े

कासगंज में परिवहन विभाग ने चलाया जागरूकता एवं चेकिंग अभियान, वाहन चालकों को दिलाई यातायात नियमों के पालन की शपथ

कासगंज। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा-2026 मनाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को पखवाड़े के दूसरे दिन परिवहन विभाग की ओर से प्रचार वाहन के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने की अपील की गई। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, रॉन्ग साइड वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, ओवरलोडिंग से बचने और नशे की हालत में वाहन न चलाने के प्रति जागरूक किया गया।

प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान इंटरसेप्टर के माध्यम से राष्ट्रीय राजमार्ग-530बी पर निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वाले 36 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसके अलावा स्कूली वाहनों की सघन चेकिंग करते हुए विभिन्न अनियमितताओं में पांच वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

चेकिंग के दौरान स्कूली वाहनों के फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की गई। इसके साथ ही वाहनों में जीपीएस, प्राथमिक उपचार बॉक्स, अग्निशमन यंत्र और इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था भी परखी गई।

परिवहन विभाग के अधिकारियों ने स्कूली वाहन चालकों को सभी जरूरी दस्तावेज वैध रखने, क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाने, निर्धारित गति से वाहन चलाने तथा रॉन्ग साइड ड्राइविंग से बचने के निर्देश दिए। प्रत्येक स्कूली वाहन में चालक के साथ एक अटेंडेंट रखना अनिवार्य बताया गया। कोहरे के दौरान विशेष सावधानी बरतने की भी हिदायत दी गई।

अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए तथा सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी आरपी मिश्र, यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह सहित प्रवर्तन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *